जयपुर

Good News: राजस्थान के 296 शहरों में शुरू होगा वेस्ट वाटर मैनेजमेंट अभियान

प्रदेश में स्वच्छता और बेहतर शहरी ढांचे की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने 296 शहरों में वेस्ट वाटर मैनेजमेंट के तहत व्यापक कार्य कराने की घोषणा की है।

less than 1 minute read
Feb 20, 2026
Sewerage scheme

Waste Water Management: जयपुर. प्रदेश में स्वच्छता और बेहतर शहरी ढांचे की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने 296 शहरों में वेस्ट वाटर मैनेजमेंट के तहत व्यापक कार्य कराने की घोषणा की है। राजस्थान विधानसभा में स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि कई शहर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के लिए तय मापदंड पूरे नहीं कर पा रहे हैं, ऐसे में इन क्षेत्रों में वैकल्पिक और प्रभावी सिस्टम विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 की बजट घोषणा के तहत 296 शहरों में वेस्ट वाटर को पाइपलाइन के माध्यम से ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही ठोस मानव अपशिष्ट के निस्तारण के लिए एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पर्यावरण प्रदूषण पर अंकुश लगेगा और जनस्वास्थ्य बेहतर होगा।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि स्टेट सीवरेज एंड वेस्ट वाटर पॉलिसी 2025 के अनुसार सीवरेज नेटवर्क के लिए 135 एलपीसीडी जलापूर्ति और न्यूनतम जनसंख्या घनत्व जरूरी है। जहाजपुर में ये मानक पूरे नहीं हो पा रहे, इसलिए वहां अलग मॉडल अपनाया जाएगा। वित्त विभाग से स्वीकृति मिलते ही सभी शहरों में कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।

सरकार पीपीपी मॉडल पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट संचालन की भी योजना बना रही है। इस पहल से छोटे शहरों को भी आधुनिक स्वच्छता सुविधाएं मिलेंगी और स्वच्छ राजस्थान का सपना साकार होगा।

Published on:
20 Feb 2026 03:10 pm