
pension Hike: जयपुर। प्रदेश के लाखों जरूरतमंदों के लिए राहत भरी खबर आई है। राजस्थान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बड़ा फैसला लेते हुए मासिक पेंशन राशि में बढ़ोतरी कर दी है। अब वृद्धावस्था, विधवा, एकलनारी, दिव्यांगजन और लघु-सीमान्त कृषकों को हर महीने 1250 रुपए की जगह 1300 रुपए मिलेंगे। बढ़ी हुई राशि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी और फरवरी से भुगतान शुरू होगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर लिया गया यह निर्णय सीधे तौर पर करीब 91 लाख पेंशनर्स की जिंदगी में आर्थिक संबल देगा। महंगाई के दौर में हर महीने मिलने वाले अतिरिक्त 50 रुपये भले छोटे लगें, लेकिन साल भर में यह राशि हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर करीब 550 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा, फिर भी सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के कमजोर वर्गों को प्राथमिकता दे रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम बुजुर्गों और जरूरतमंदों की दवा, राशन और दैनिक खर्चों में मदद करेगा। गांवों और कस्बों में रहने वाले लाभार्थियों के लिए यह बढ़ोतरी सीधे जीवन स्तर सुधारने वाली साबित हो सकती है। सरकार के इस फैसले का प्रदेशभर में स्वागत किया जा रहा है और पेंशनधारकों के चेहरों पर उम्मीद की नई मुस्कान दिखाई दे रही है।
Published on:
19 Feb 2026 10:33 am
