जयपुर

Haryana Election Result: BJP की हैट्रिक के बाद जयपुर में अनूठा जश्न, CM भजनलाल ने बनाई ‘जलेबी’

Haryana Election Result: सीएम भजनलाल शर्मा हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जलेबी बनाई और जीत का जश्न मनाया।
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2024, 7:28 PM IST
Feature image

Haryana Chunav Result: हरियाणा में बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी शासित राज्यों में भी खुशी की लहर है। इस खुशी में राजस्थान के भजनलाल शर्मा ने भाजपा मुख्यालय में अनोखे अंदाज में जीत का जश्न मनाते हुए कार्यकर्ताओं के साथ जलेबी बनाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश में आने वाले समय में जिन राज्यों में चुनाव हैं, वहां भी हम जीतेंगे और 2029 में केंद्र में भी हम चौथी बार बड़े बहुमत के साथ रिपीट करेंगे।

दरअसल, सीएम भजनलाल शर्मा हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जलेबी बनाई और जीत का जश्न मनाया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी रहे मौजूद।

पीएम मोदी को दिया जीत का श्रेय

हरियाणा चुनाव के नतीजो पर बोलते हुए सीएम भजनलाल ने कहा कि सबसे पहले तो मैं सभी को बधाई देता हूं, मैं हरियाणा की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बात पर मुहर लगाने का काम किया है। हरियाणा के लोग हरियाणा को आगे ले जाना चाहते हैं। हरियाणा ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है।

सीएम भजनलाल ने आगे कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की उस बात पर मुहर लगाई है कि हम जो कहते हैं वो करते हैं। कांग्रेस झूठ का सहारा लेती है। आने वाले समय में जहां भी चुनाव होने वाले हैं, भाजपा बहुत बड़े बहुमत से जीतेगी। मैं कह सकता हूं कि आने वाले समय में पूरे देश में बीजेपी की जीत होगी और हम चौथी बार केंद्र में भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे।

हरियाणा में BJP, जम्मू में कांग्रेस गठबंधन आगे

गौरतलब है कि आज मंगलवार को हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में वोटों की गिनती हुई है। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में तस्वीर लगभग साफ है। खबर लिखे जाने तक हरियाणा के रुझानों में बीजेपी हैट्रिक लगाती दिख रही है। बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। वहां 52 साल बाद कोई सरकार लगातार तीसरी बार सरकार बनाती नज़र आ रही है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है।

बता दें हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी 48 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी 37 सीटों पर जीत चुकी हैं। 5 सीटें अन्य के खाते में गई हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी को 28 सीटों पर संतोष करना पड़ेगा। वहीं कांग्रेस+एनसी को 51 सीटें मिलने जा रही हैं। इनके अलावा पीडीपी को 3 और इंडिपेंडेंट को 9 सीटें मिलने जा रही हैं।

यहां देखें वीडियो-