जयपुर

Jaipur Crime: राजीनामे के बहाने बुलाकर की हत्या, 10 दिन के नवजात के सिर से उठा पिता का साया, हिस्ट्रीशीटर समेत 3 गिरफ्तार

Rajasthan Crime: जयपुर में लेन-देन के विवाद के चलते राजीनामे के बहाने बुलाकर शाकिर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
2 min read
Aug 26, 2026
jaipur murder case update
आरोपी और मृतक की फाइल फोटो: पत्रिका

Jaipur Murder Case: जयपुर के विद्याधर नगर में आपसी लेन-देन के विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक जने की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने राजीनामे का झांसा देकर पीड़ित पक्ष को रविवार देर रात मंदिर मोड़ के पास बुलाया था। पुलिस ने वारदात की सूचना मिलने के बाद 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी नॉर्थ हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।

उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को शास्त्री नगर पानी की टंकी के पास तीन-चार दिन पहले हुए लेन-देन के विवाद को लेकर रफीक उर्फ बकरी चोर और शाकिर के भाई कय्यूम के बीच राजीनामे की बात चल रही थी। इसी दौरान रफीक के साले ने गाली-गलौच करते हुए विवाद शुरू कर दिया। कय्यूम ने अपने भाई शाकिर को मौके पर बुला लिया। शाकिर के पहुंचते ही रफीक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल शाकिर को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर देर रात उसकी मौत हो गई। हमले में कय्यूम के भी चोट लगी।

10 दिन के नवजात के सिर से उठा पिता का साया

एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह ने बताया कि जयपुर के विद्याधर नगर स्थित सुंदर नगर निवासी शाकिर हत्या के एक मामले में करीब 11 साल जेल में रहने के बाद पिछले साल ही बाहर आया था। परिवार में कुछ समय पहले ही खुशियां आई थीं और करीब 10 दिन पहले वह पिता बना था। नवजात बच्चे के जन्म के कुछ ही दिन बाद उसकी हत्या ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से ही हत्या की साजिश रच रखी थी और इसी के तहत चाकू अपने साथ लेकर गए थे। वारदात के बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली।

इनको किया गिरफ्तार

विद्याधर नगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में भट्टा बस्ती स्थित न्यू संजय नगर निवासी हिस्ट्रीशीटर 37 साल के मोहम्मद फरीद उर्फ फर्दु चाचा, 32 साल के शाहरुख और शास्त्री नगर स्थित सुदामापुरी निवासी 40 साल के दिलशाद उर्फ डिल्लु को गिरफ्तार किया। आरोपी मोहम्मद फरीद के खिलाफ 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। जबकि शाहरुख के खिलाफ 5 और दिलशाद के खिलाफ 3 प्रकरण दर्ज हैं।

Updated on:
26 Aug 2026 06:55 am
Published on:
26 Aug 2026 06:54 am