जयपुर

Rajasthan Bypoll: राजस्थान में उपचुनाव के लिए होम वोटिंग शुरू, दिव्यांग और बुजुर्ग घर बैठे करें मतदान

Rajasthan By-Election: होम वोटिंग के लिए कुल 87 टीम बनाई गई है। प्रत्येक टीम में पांच सदस्य होंगे और मतदान की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2024, 9:14 AM IST
CG Election 2025

जयपुर। राजस्थान के उपचुनाव वाले सात विधानसभा क्षेत्रों में आज से दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाताओं के लिए होम वोटिंग शुरू हो गई है, जो 10 नवम्बर तक जारी रहेगी। घर पर मतदान की सुविधा के लिए 3193 मतदाताओं ने आवेदन किया, जबकि इन विधानसभा क्षेत्रों में आम चुनाव-2023 के दौरान कुल 1862 मतदाताओं ने मतदान किया था।

रामगढ़, दौसा, देवली-उनियारा, झुंझुनूं, खींवसर, सलूम्बर और चौरासी विधानसभा क्षेत्रों में 30 अक्टूबर को सैनिकों को मतपत्र जारी होने के साथ ही मतदान की औपचारिक शुरूआत हो गई थी। ये मतपत्र 23 नवम्बर को मतगणना शुरू होने से पहले तक स्वीकार किए जाएंगे। बता दें कि होम वोटिंग के लिए कुल 87 टीम बनाई गई है। प्रत्येक टीम में पांच सदस्य होंगे और मतदान की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

वोटर्स नहीं डाल पाए वोट तो फिर आएगा मतदान दल

होम वोटिंग मतदान का दूसरा चरण है, जिसमें 2,365 बुजुर्ग और 828 दिव्यांग मतदान करेंगे। होम वोटिंग के समय इन मतदाताओं के घर राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी रहेंगे। पहले चरण में मतदान दल इन मतदाताओं के घर 4 से 8 नवम्बर के बीच पहुंचेंगे। इस दौरान मतदान नहीं कर पाने वाले होम वोटिंग के पात्र मतदाताओं के घर 9-10 नवम्बर को मतदान दल फिर पहुुंचेंगे।

13 नवम्बर को ईवीएम के जरिए होगा मतदान

इन क्षेत्रों में 13 नवम्बर को ईवीएम के जरिए मतदान होना है। ऐसे में 13 नवम्बर से पहले ही उन मतदाताओं का भी मतदान कराया जाएगा, जो मतदान के दिन मतदान दल, सुरक्षा या आवश्यक सेवाओं में व्यस्त रहेंगे। इन सभी मतों की गिनती 23 नवम्बर को होगी।