जयपुर

64 विला खरीद मामला : सुप्रीम कोर्ट पहुंचे IAS शिखर अग्रवाल, सख्त कार्रवाई से बचाने की लगाई गुहार

64 विला-कॉटेज खरीद प्रकरण में वरिष्ठ आईएएस शिखर अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की है। मामले में 26 नवंबर को सुनवाई होने की संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 9:37 PM IST
IAS Shikhar AgarwaL
IAS शिखर अग्रवाल (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल ने 64 विला-कॉटेज खरीद प्रकरण में अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एफआईआर और जांच के लिए राज्य सरकार की ओर से दी गई पूर्व स्वीकृति को चुनौती देते हुए अग्रवाल ने विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से अपने खिलाफ एफआईआर के आधार पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने और अंतरिम संरक्षण देने की मांग की है। इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने शीर्ष अदालत का रुख किया है। मामले में 26 नवंबर को सुनवाई होने की संभावना है।

शिखर अग्रवाल ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर कर राजस्थान हाईकोर्ट के 19 नवंबर के आदेश को चुनौती दी। याचिका में कहा गया है कि उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एसीबी जांच की पूर्व स्वीकृति और प्रारंभिक जांच को चुनौती दी थी। इस याचिका पर पहली सुनवाई से ठीक पहले एसीबी ने एफआईआर दर्ज कर ली। अग्रवाल का आरोप है कि एफआईआर उसी पूर्व स्वीकृति के आधार पर दर्ज की गई है, जिसे उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

18 दिसंबर तक टली थी हाईकोर्ट में सुनवाई

एसएलपी के अनुसार, शिखर अग्रवाल ने 17 नवंबर 2026 को राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें 30 अक्टूबर को दी गई जांच की पूर्व स्वीकृति और प्रारंभिक जांच को चुनौती देने के साथ एफआईआर पर अंतरिम संरक्षण मांगा गया था। हालांकि, हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत की मांग पर कोई निर्णय नहीं किया और मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर 2026 तय कर दी।

अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी है कि जांच एजेंसी की कार्रवाई से उन्हें तत्काल संरक्षण की जरूरत है। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने का भरोसा भी दिलाया है। साथ ही एसीबी की ओर से की जा रही कार्रवाई को रद्द करने की मांग की है।

संपत्तियों का सरकार को पहले ही दिया था ब्योरा

याचिका में अग्रवाल ने अपने प्रशासनिक सेवाकाल और सेवा रिकॉर्ड का हवाला दिया है। उन्होंने बताया कि वह अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी हैं और वर्तमान में एपीओ हैं। उनका दावा है कि उनके और परिवार के सदस्यों की ओर से खरीदी गई रिसॉर्ट इकाइयों, उनके भुगतान और संपत्तियों का विवरण सरकार को पहले ही दिया जा चुका है। वार्षिक अचल संपत्ति विवरण (आईपीआर) में भी इन संपत्तियों का उल्लेख किए जाने की बात कही गई है।

तीन प्रशासनिक फैसलों को जांच में शामिल करने पर सवाल

अग्रवाल ने याचिका में अपने अलग-अलग पदों पर रहते हुए लिए गए तीन प्रशासनिक फैसलों को जांच के दायरे में शामिल करने पर भी सवाल उठाए हैं। इनमें 24 नवंबर 2006 को उदयपुर जिला कलक्टर रहते हुए बुझड़ा क्षेत्र में पर्यटन इकाई के लिए भूमि रूपांतरण, 14 दिसंबर 2023 को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष रहते हुए अजबगढ़ रिसॉर्ट के लिए कंसेंट टू एस्टेब्लिश से जुड़ा निर्णय और वर्ष 2026 में उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रहते हुए रीप्स के तहत कस्टमाइज्ड निवेश पैकेज से संबंधित फैसला शामिल है।

याचिकाकर्ता का तर्क है कि ये निर्णय अलग-अलग विभागीय प्रक्रियाओं और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर लिए गए थे। इनका उनकी रिसॉर्ट इकाइयों से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था। अब सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से तय होगा कि अग्रवाल को एसीबी की कार्रवाई के खिलाफ अंतरिम संरक्षण मिलता है या नहीं।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
23 Nov 2026, 9:37 PM IST
Published on: