
Weather Update : राजस्थान में नवंबर का महीना बीतने को है, लेकिन सर्दी अभी जोर नहीं पकड़ पाई है। करीब आधे महीने तक दिन में तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया, वहीं रातें भी पहले जैसी ठंडी नहीं हो रहीं हैं। वहीं मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट के संकेत हैं। जयपुर में अगले दिनों आसमान साफ रहने और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के आस-पास रहने का पूर्वानुमान है।
प्रदेश में सर्दी का असर रात के तापमान में दिखाई देने लगा है। प्रदेश के पांच शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। इससे सुबह और देर रात सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार को सीकर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम रहा। फतेहपुर में 4.6 डिग्री के साथ प्रदेश की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। चूरू में 8.9, नागौर में 8 और वनस्थली में 9.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। वहीं पिलानी में 10, अजमेर में 10.6, अलवर और जवाई बांध में 10.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
जयपुर में सर्दी का असर अब रात के तापमान में दिखाई देने लगा है। सोमवार को जयपुर का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। बीते 24 घंटे में रात के तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। ऐसे में दिन में हल्की गर्माहट के बीच सुबह और रात को सर्दी का एहसास बढ़ने लगा है।
मौसम केंद्र के अनुसार जयपुर में दिन और रात के तापमान में 14.1 डिग्री का अंतर रहा। दिन का पारा 27.5 डिग्री और रात का 13.4 डिग्री दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट आई। इससे साफ है कि दिन के मुकाबले रात के तापमान में ठंडक ज्यादा बढ़ रही है। दूसरी ओर जोधपुर में 14.8, जैसलमेर में 14.4 और बाड़मेर में 15.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है।
इसी बीच काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्ल्यू) की ओर से राजस्थान के परिप्रेक्ष्य में नवंबर माह को लेकर किए गए अध्ययन में सामने आया है कि यह केवल इस साल मौसम में आए बदलाव का असर नहीं है, बल्कि पिछले चार दशक से तापमान बढ़ने का रुझान सामने आ रहा है। प्रदेश में दिन के मुकाबले रातें तेजी से गर्म हो रही हैं। सर्दी पड़ने वाले दिनों की संख्या घट रही है और शीतलहर का असर भी कम हो रहा है। यानी राजस्थान में सर्दी केवल देर से शुरू नहीं हो रही, बल्कि उसकी अवधि भी धीरे-धीरे छोटी होती जा रही है।
नवंबर में आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में बादल और ठंडी हवाएं लेकर आते हैं। इनके असर से राजस्थान में तापमान गिरने लगता है और सर्दी बढ़ती है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहे और उनका प्रभाव कम रहा। इससे प्रदेश में ठंडी हवाओं का असर नहीं बन पाया। आसमान साफ रहने से दिन में धूप जमीन को गर्म करती है और रात में भी तापमान ज्यादा बना रहता है। वहीं प्रशांत महासागर की गर्म हवाएं भी तापमान बढ़ने का प्रमुख कारण हैं।
राजस्थान में सर्दी के बदलते मिजाज के पीछे पिछले चार दशक से तापमान बढ़ने का रुझान है। रात का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ठंडे दिन घट रहे हैं और शीतलहरों की अवधि भी कम हो रही है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और अल नीनो इस बार सर्दी को प्रभावित कर सकते हैं। लंबे समय में जलवायु परिवर्तन के कारण गर्म दिन और गर्म रातें बढ़ने की संभावना है।
डॉ. विश्वास चितले, फेलो, सीईईडब्ल्यू