Weather Update: राजस्थान के कई जिलों में मौसम विभाग ने तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। जयपुर, अजमेर और सीकर समेत कई क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
जयपुर। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने गुरुवार शाम को कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले 2 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जयपुर, सीकर और अजमेर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यह वीडियो भी देखें
विभाग ने गरज-चमक, धूलभरी आंधी और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। वहीं जयपुर में तेज आंधी के बरसात हुई है। इससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। इसके अलावा टोंक, दौसा और डीडवाना-कुचामन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं दूसरी तरफ जोधपुर शहर में भीषण गर्मी का दौर लगातार बना हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार पांचवां दिन है जब दिन का तापमान 44 से उससे अधिक रिकॉर्ड हो रहा है। तापमान अधिक रहने के साथ बादलों की हल्की आवाजाही से नमी होने से दिन में भीषण गर्मी रही। तंदूर की तरह शहर तपता रहा।
ऊपर से गर्म हवा ने झुलसा दिया। शाम को मौसम ने अचानक पलटा खाया। काले बादलों की आवाजाही के साथ तेज धूल भरी हवा चलने लग गई। इससे वातावरण में तपिश कम हो गई। हवा में शीतलता होने की वजह से शहरवासियों को काफी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी हीटवेव को लेकर अलर्ट है। हालांकि जोधपुर में आधिकारिक तौर पर अभी तक हीटवेव दर्ज नहीं की गई है।
सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। सुबह आसमां में बादलों की हल्की आवाजाही के साथ धूल भरी हवा चलती रही। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का जनजीवन प्रभावित किया। दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाजारों में भी दोपहर के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही। तेज गर्मी के कारण कूलर और एसी की मांग बढ़ गई है, वहीं बिजली खपत में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है।