
Weather Update : राजस्थान में मानसून लगभग खात्मे पर है। वर्तमान में राजस्थान में मानसून विदाई रेखा धौलपुर, उदयपुर से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग ने राजस्थान में 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 6-7 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान पहले और दूसरे सप्ताह में राज्य के अधिकांश भागों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 15 अक्टूबर तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आस-पास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य के राजसमन्द जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई व राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा है। प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा आग्मेट (राजसमन्द) में 16 MM दर्ज की गई। वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस फलौदी व न्यूनतम तापमान सिरोही में 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
2026 का मानसून राजस्थान पर कम ही मेहरबान रहा और करीब 18 फीसदी कम बारिश के साथ लगभग विदा हो चुका है। न प्रदेश के जलाशयों में पानी आ पाया और न किसान की जरूरतें पूरी हो पा रही। ऐसे में हर तरफ बारिश की कमी को लेकर चिंता है। सरकार ने भी राजस्थान में बरसात की इस स्थिति को देखते हुए सूखे के सर्वे की तैयारी शुरू कर दी है।
मानसून सीजन 2026 में 1 जून से 30 सितंबर तक राजस्थान में सामान्य से भी 18 फीसदी बारिश कम बारिश हुई है। राजस्थान में इस अवधि में सामान्य तौर पर 435.6 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए लेकिन इस अवधि में इस बार 358 मिलिमीटर बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य से 18 प्रतिशत कम है।
पूर्वी राजस्थान में इस अवधि में सामान्य वर्षा 626.6 एमएम होती है जबकि इस दौरान यहां 533.5 एमएम बारिश ही हुई जो सामान्य से 15 प्रतिशत कम रही। वहीं पश्चिमी राजस्थान के वर्षा संबंधी आईएमडी के आंकड़ों पर गौर करें तो 1 जून से 30 सितंबर के दौरान 283.6 मिलीमीटर सामान्य वर्षा का आंकड़ा होता है जबकि इस सीजन में सिर्फ 218.3 एमएम बारिश ही दर्ज की गई जो सामान्य से 23 प्रतिशत कम है। इस तरह इस बार मानसूनी सीजन में राजस्थान में सामान्य से भी कम बारिश हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक राजस्थान में औसत रूप से 5.8 एमएम बारिश होनी चाहिए थी जबकि हुई सिर्फ 4.7 एमएम। पूर्वी राजस्थान में इस दौरान सामान्य तौर पर 7.8 एमएम बारिश होनी थी लेकिन सिर्फ 6.2 एमएम बारिश हुई, यह सामान्य से 21 प्रतिशत कम रही। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच सामान्य तौर पर 4.3 एमएम बारिश होनी चाहिए थी जबकि 3.5 एमएम हुई यह सामान्य से भी 17 प्रतिशत कम रही।