जयपुर

Rajasthan Monsoon: मानसून की एंट्री को लेकर IMD ने दी रिपोर्ट, 1 जुलाई तक राजस्थान पहुंचना मुश्किल

Monsoon 2026 Entry Update: तेज हवाओं के कारण इस बार मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 1 जुलाई तक मानसून के राजस्थान पहुंचने की संभावना कम है, जबकि सामान्य तौर पर यह 20 जून तक राज्य में प्रवेश कर जाता है।
2 min read
• •
Updated: 19 Jun 2026, 6:48 AM IST
Rajasthan Monsoon Entry
मानसून की बारिश की फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan Weather News: देश में इस बार उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम की तेज हवाओं ने मानसून की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। इन परिस्थितियों के चलते मानसून 1 जुलाई तक राजस्थान तक नहीं पहुंच पाएगा। जबकि सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक राजस्थान में प्रवेश कर जाता है। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में मानसून की प्रगति का विवरण दिया गया है। इसमें 1 जुलाई तक मानसून की संभावित प्रगति दर्शाई गई है, जिसमें राजस्थान तक मानसून के पहुंचने का कोई उल्लेख नहीं किया है।

हालांकि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से मानसून की समग्र गति को लेकर परिस्थितियों को अनुकूल बताया जा रहा है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के कृषि प्रधान राज्य राजस्थान में मानसून कमजोर रहने की आशंका गहरा गई है।

प्री मानसून से पूर्वी राजस्थान में झमाझम बारिश, सराड़ा में 95 मिमी बारिश

राजस्थान में प्री मानसून की गतिविधियां जोर पकड़ रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से में कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। उदयपुर जिले के सराड़ा में सर्वाधिक 95 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। डबोक में 42 मिमी, चित्तौड़गढ़ में 38.5, चूरू में 43.8 मिमी, पिलानी में 15 मिमी, झुंझुनूं में 11.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सीकर में शाम चार बजे तेज हवाएं चलीं और कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई।

अंधड़ से पेड़ गिरा, कार सवार दंपती की मौत

श्रीगंगानगर जिले में गुरुवार शाम आए तेज अंधड़ से सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक चलती कार पर गिर गया। हादसे में कार सवार दंपती गांव 1 जेजे निवासी लखवीर सिंह और पत्नी निर्मल कौर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, मौसम केन्द्र के अनुसार श्रीगंगानगर में 41.5 डिग्री और बीकानेर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज होने से गर्मी का असर बना रहा।

आज 35 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यानी 19 जून को 35 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए अंधड़-बारिश का अलर्ट दिया है।

ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए मेघगर्जन, वज्रपात, झोंकेदार तेज हवाओं के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश की संभावना जताई है। जिसमें अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले शामिल है।

वहीं येलो अलर्ट देते हुए मेघगर्जन, वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का और बारिश की संभावना जताई है। जिसमें फलौदी, नागौर, जैसलमेर, डीडवाना-कुचामन, उदयपुर, टोंक, सलूंबर, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, झालावाड़, जयपुर, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, ब्यावर, बारां, बांसवाड़ा और अजमेर जिले शामिल है।

Updated on:
19 Jun 2026, 6:48 AM IST
Published on: