
जयपुर। लंबे समय से उपेक्षित खातीपुरा सैटेलाइट स्टेशन अब शहर के दूसरे बड़े रेलवे हब के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रेलवे यहां से नियमित ट्रेनों के संचालन का दायरा बढ़ाने जा रहा है। इसके तहत शनिवार से छह ट्रेनों (तीन जोड़ी) का विस्तार खातीपुरा तक किया जा रहा है। वहीं रविवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खातीपुरा स्टेशन से नई खातीपुरा-दरभंगा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
खातीपुरा में करीब 205 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक कोच केयर कॉम्प्लेक्स तैयार किया गया है, जिसका उद्घाटन जल्द होने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद ट्रेनों की सफाई, रखरखाव और निरीक्षण की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो जाएंगी। इससे ट्रेनों को मेंटीनेंस के लिए जयपुर जंक्शन भेजने की आवश्यकता नहीं होगी।
जयपुर-असारवा-जयपुर एक्सप्रेस, जयपुर-भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस और यशवंतपुर-जयपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस का विस्तार खातीपुरा तक किया गया है। ये ट्रेनें शनिवार से खातीपुरा तक संचालित होंगी। इसके अलावा जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी, रींगस-जयपुर स्पेशल, श्रीगंगानगर-जयपुर एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज एक्सप्रेस तथा जयपुर-रेवाड़ी पैसेंजर समेत कई अन्य ट्रेनों को भी यहां संचालित करने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में इन ट्रेनों के यात्रियों को जयपुर जंक्शन या गांधीनगर स्टेशन तक जाना पड़ता है।
करीब तीन वर्ष पहले तैयार हुए खातीपुरा सैटेलाइट स्टेशन से अब तक सीमित ट्रेनों का ही संचालन हो रहा था। इसकी मुख्य वजह मेंटीनेंस सुविधाओं का अभाव रहा। नए डिपो में दो वॉशिंग लाइन, दो इंस्पेक्शन बे लाइन, दो लाइन का कवर्ड सिक शेड, तीन स्पर लाइन, चार स्टेबलिंग लाइन और एक व्हील लेथ लाइन विकसित की गई है।
रेलवे की योजना खातीपुरा को जयपुर जंक्शन के वैकल्पिक टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने की है। मेंटीनेंस डिपो शुरू होने के बाद यहां से ट्रेनों के प्रारंभ और समापन की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे जयपुर जंक्शन पर बढ़ते परिचालन दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। इस स्टेशन पर हैरिटेज लुक वाला नया भवन, स्टेशन पर हाईलेवल प्लेटफॉर्म, नई लूप लाइनें, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, प्रतीक्षालय और आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। आरक्षण काउंटर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित हो रहा है।