जयपुर

Indian Railways: होली पर यात्रियों को राहत, सात जोड़ी ट्रेनों की अवधि बढ़ी, जयपुर को मिली अतिरिक्त सुविधा

Holi Travel Rush: रेलवे का बड़ा फैसला: शिरडी, बांद्रा, सोलापुर सहित कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें मार्च तक संचालित। जयपुर होकर दौड़ेगी सुपरफास्ट वीकली स्पेशल, त्योहार पर सफर होगा आसान।
less than 1 minute read
• •
Feb 06, 2026
Feature image

Special Trains: जयपुर। होली पर्व के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए सात जोड़ी विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार बीकानेर–साईनगर शिरडी–बीकानेर वीकली ट्रेन बीकानेर से 28 मार्च तक तथा शिरडी से 29 मार्च तक संचालित होगी। वहीं हिसार–खडकी–हिसार वीकली ट्रेन हिसार से 29 मार्च और खडकी से 30 मार्च तक चलेगी।

इसी प्रकार हिसार–वलसाड–हिसार वीकली स्पेशल हिसार से 25 मार्च और वलसाड से 26 मार्च तक, भगत की कोठी–बांद्रा टर्मिनस–भगत की कोठी ट्रेन 28 व 29 मार्च तक, अजमेर–बांद्रा टर्मिनस–अजमेर स्पेशल 29 व 30 मार्च तक, अजमेर–दौंड–अजमेर 26 व 27 मार्च तक तथा अजमेर–सोलापुर–अजमेर स्पेशल 25 व 26 मार्च तक संचालित की जाएगी।

इसके अलावा अतिरिक्त यात्रीभार को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस–भिवानी–बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट वीकली स्पेशल ट्रेन (पांच ट्रिप) चलाने का भी फैसला किया है। यह ट्रेन जयपुर होकर गुजरेगी। बांद्रा टर्मिनस से 11, 18 और 25 फरवरी को तथा भिवानी से 12, 19 और 26 फरवरी को यह ट्रेन रवाना होगी।

ट्रेन बोरीवली, पालघर, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, दौसा, अलवर, रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से होली पर यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।

Updated on:
06 Feb 2026 11:30 am
Published on:
06 Feb 2026 11:30 am