जयपुर

मासूम हृदयांश को मिला नया जीवन: जेके लोन अस्पताल में लगाया गया दुनिया का सबसे महंगा इंजेक्शन, अब 24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में

स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉपी से पीड़ित हृदयांश को अब नया जीवन मिल गया है।

2 min read
May 14, 2024

जयपुर। स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉपी से पीड़ित हृदयांश को अब नया जीवन मिल गया है। हृदयांश को आज जेके लोन अस्पताल में डॉक्टर्स की निगरानी में दुनिया का सबसे महंगा इंजेक्शन जोलगेनेस्मा लगाया गया। इससे पहले यह इंजेक्शन दोपहर दो बजे तक लगाया जाना था। लेकिन पेपर वर्क कंप्लीट होने में समय लगा। जिसकी वजह से शाम करीब छह बजे यह इंजेक्शन बच्चे को लगाया गया है।

इंजेक्शन लगाने के बाद डॉक्टर प्रियांशु माथुर ने बताया कि अब बच्चे को 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखेंगे।​​​​​​​ इसके बाद दो महीने तक बच्चे के दवाईयां चलेगी। फिर बच्चा आम लोगों की तरह जीवन यापन कर सकेगा।

बच्चे के परिजनों ने सभी का सहयोग करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। पत्रिका की ओर से हृदयांश को बचाने के लिए मुहिम चलाई गई थी। इसके बाद लोग क्राउड फंडिंग के लिए आगे आए, जिससे हृदयांश का इलाज संभव हुआ। हृदयांश की मदद के लिए आमजन के साथ पुलिस विभाग भी आगे आया है।

बता दें कि इंजेक्शन बनाने वाली अमेरिकी कंपनी ने भी हृदयांश के इलाज में काफी मदद की है। उन्होंने इंजेक्शन की 17.5 करोड़ रुपए की राशि को चार किश्तों में जमा कराने की छूट दी है। अब तक क्राउड फंडिंग से जमा हुए 9 करोड़ रुपए से इंजेक्शन की पहली किश्त जमा करा दी है। बाकी राशि को तीन किश्तों में एक साल में जमा कराया जाएगा।

दुर्लभ बीमारी है एसएमए..

स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी एक जेनेटिक बीमारी है। इसके कारण हृदयांश का कमर से नीचे का हिस्सा बिल्कुल भी काम नहीं करता है। इस बीमारी का इलाज 24 महीने की उम्र तक ही किया जाता है। इस बीमारी का समय पर इलाज नहीं हाेने पर यह पूरे शरीर में फैल जाती है। फेफड़े काम करना बंद कर देते हैं। इससे जान का भी खतरा हाेता है। इसके लिए विदेश से विशेष प्रकार के इंजेक्शन की जरूरत होती है।

Published on:
14 May 2024 06:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर