जयपुर

राजस्थान के IPS दंपत्ति का ट्रांसफर, जयपुर का साथ छूटा- मिली अलग-अलग जगह पोस्टिंग, जानें कहां संभालेंगे नया ज़िम्मा? 

Rajasthan IPS Transfer List | भजनलाल सरकार ने 64 IPS अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। इस 'जम्बो लिस्ट' में कई बड़े नाम शामिल हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस 'पावर कपल' की हो रही है जिन्होंने खाकी की आन-बान और शान को एक नई ऊंचाई दी है।

2 min read
Mar 14, 2026

राजस्थान की भजनलाल सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात पुलिस बेड़े में भारी फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी इस सूची में 64 आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इस फेरबदल की सबसे खास और दिलचस्प बात आईपीएस पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ और आईपीएस कमल शेखावत की नई नियुक्तियां हैं। राजस्थान पुलिस के इतिहास में यह पहला ऐसा मौका है जब एक ही बैच के पति-पत्नी, जो एक साथ आईपीएस प्रमोट हुए, अब प्रमुख पदों पर नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।

ये भी पढ़ें

Rajasthan IPS Transfer : राजस्थान के 22 जिलों के पुलिस अधीक्षकों के तबादले, जानें नए SP के नाम

नई जिम्मेदारियां: सिरोही और जोधपुर को मिले नए पहरेदार

तबादला सूची के अनुसार, इस जोड़े को महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया गया है:

  • पुष्पेंद्र सिंह राठौड़: इन्हें एसपी सिरोही (SP Sirohi) नियुक्त किया गया है। इससे पहले ये भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जयपुर में पुलिस अधीक्षक द्वितीय के पद पर तैनात थे।
  • कमल शेखावत: इन्हें डीसीपी वेस्ट (DCP West), जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है। इससे पहले ये पुलिस अधीक्षक सतर्कता (Vigilance) जयपुर के पद पर कार्यरत थीं।

1998 बैच से IPS प्रमोशन तक: एक साथ तय किया सफर

पुष्पेंद्र सिंह और कमल शेखावत दोनों 1998 बैच के आरपीएस (RPS) अधिकारी हैं। इनका करियर ग्राफ न केवल प्रेरणादायक है बल्कि ऐतिहासिक भी है।

  • ऐतिहासिक प्रमोशन: साल 2025 में गृह मंत्रालय ने इन्हें एक साथ RPS से IPS कैडर में पदोन्नत किया था। यह राजस्थान पुलिस के इतिहास में पहला मौका था जब किसी दंपत्ति को एक साथ यह गौरव प्राप्त हुआ।
  • UPSC इंटरव्यू: इन दोनों ने 21 अगस्त 2025 को दिल्ली में एक साथ इंटरव्यू दिया था और 2024 की रिक्तियों के विरुद्ध इनका चयन हुआ।

कमल शेखावत: UN में भी लहराया परचम

आईपीएस कमल शेखावत का जीवन संघर्ष और सफलता की अद्भुत मिसाल है।

  • जड़ें और शिक्षा: सीकर जिले की दातारामगढ़ तहसील के रालावता बासड़ी खुर्द गाँव में 1971 में जन्मीं कमल शेखावत ने जयपुर के महारानी कॉलेज से स्नातक और राजस्थान विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए और एमफिल किया।
  • अकादमिक और प्रशासनिक कौशल: मात्र 21 वर्ष की आयु में व्याख्याता बनने वाली कमल शेखावत ने नेट, जेआरएफ और एसएलईटी उत्तीर्ण किया। 1997 की आरएएस परीक्षा में 28वीं और 1998 में 32वीं रैंक हासिल कर वे राज्य की दूसरी महिला आरपीएस अधिकारी बनीं।
  • अंतरराष्ट्रीय पहचान: उन्होंने दक्षिण सूडान (Juba) में संयुक्त राष्ट्र (UN) शांति मिशन में अपनी सेवाएं दीं, जिसके लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।

मृदुभाषी स्वभाव और सामाजिक सक्रियता

पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ और कमल शेखावत न केवल सख्त अधिकारी हैं, बल्कि अपने मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के लिए भी जाने जाते हैं। पुलिसिंग के साथ-साथ यह जोड़ा सामाजिक कार्यों में भी काफी सक्रिय रहता है। महकमे में इन्हें एक 'अनुशासित और ईमानदार' अधिकारी के रूप में पहचाना जाता है।

युवाओं और अभ्यर्थियों के लिए 'रोल मॉडल'

राजस्थान में पुलिस सेवा की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए पुष्पेंद्र सिंह और कमल शेखावत एक 'आइकॉन' बन गए हैं। एक ही बैच में भर्ती होना, एक साथ आईपीएस बनना और अब प्रमुख जिलों की कमान संभालना, यह दर्शाता है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News : सरकारी स्कूल प्रिंसिपल की गज़ब की अनूठी पहल, जानकर आप भी कहेंगे ‘वाह’! देखें VIDEO और तस्वीरें

Updated on:
14 Mar 2026 10:51 am
Published on:
14 Mar 2026 10:26 am
Also Read
View All

अगली खबर