
Jaipur child Murder Case : जयपुर। राजधानी जयपुर में शनिवार को पांच साल की मासूम बच्ची की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घर के बाहर खेलते लापता हुई बच्ची का शव कुछ ही घंटों बाद पुलिस को पड़ोसी के मकान में बेड के अंदर कंबल में लिपटा मिला। पुलिस जांच में हत्या की आरोपी महिला की पानी भरने को लेकर रंजिश होना पाया है। पुलिस थाने में मृतका के पिता ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी महिला को डिटेन कर लिया है। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि अपराह्न 2.54 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि 5 वर्षीय बालिका घर के बाहर से दोपहर 12 बजे से अचानक लापता हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। कई घंटों की जांच के बाद एक फुटेज में बच्ची को कुछ बच्चों के साथ पड़ोस की महिला के साथ उसके मकान में जाते हुए देखा।
थोड़ी देर बाद बच्ची को छोड़कर अन्य बच्चे आते दिखे, लेकिन बच्ची बाहर नहीं आई, जिस पर पुलिस ने उस मकान की तलाशी ली तो बच्ची अचेत अवस्था में बेड के अंदर कंबल में लिपटी मिली। उसे बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया, जहां शव को परिजनों ने गमगीन माहौल मे अंतिम संस्कार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध महिला और मृत बच्ची की मां के बीच काफी समय से विवाद और आपसी रंजिश चल रही थी। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए मासूम को निशाना बनाया गया।
बच्ची के पिता ने बताया कि आरोपी महिला और उनकी पत्नी के बीच करीब तीन-चार महीने पहले पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी महिला पहले उनके घर से पानी भरती थी, लेकिन बाद में उसे पानी भरने से मना कर दिया था। हालांकि इसके बाद दोनों पक्षों में कभी कोई वाद-विवाद नहीं हुआ ।