
जयपुर। नाक में तेज दर्द और बार-बार खून आने की समस्या को सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज करना जयपुर में एक बुजुर्ग महिला के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकता था। करीब सात दिनों तक दर्द और नाक से रक्तस्राव झेलने के बावजूद 65 वर्षीय महिला दर्द निवारक दवाइयां लेकर काम चलाती रही। जब दवाइयों से भी राहत नहीं मिली तो परिजन उन्हें जयपुर में ईएनटी विशेषज्ञ के पास लेकर पहुंचे। यहां नाक की एंडोस्कोपी से जांच की गई तो डॉक्टर भी हैरान रह गए। महिला की नाक के पिछले हिस्से में बड़ी संख्या में जीवित कीड़े मौजूद थे। चिकित्सकों ने उपचार कर नाक से एक-एक कर करीब 34 जीवित कीड़ों को बाहर निकाला। अब महिला की स्थिति स्वस्थ बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली 65 वर्षीय महिला पिछले सात दिनों से नाक में तेज दर्द, रुक-रुककर खून आने और बेचैनी से परेशान थी। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समस्या मानते हुए दर्द निवारक दवाइयों का सहारा लिया, लेकिन परेशानी लगातार बनी रही। इसके बाद परिजन उन्हें जयपुर लेकर पहुंचे। ईएनटी विशेषज्ञों ने नाक की एंडोस्कोपी से अंदरूनी हिस्से की जांच की तो नाक के बिल्कुल पिछले हिस्से यानी नेसोफेरिंक्स में बड़ी संख्या में जीवित लार्वा दिखाई दिए। इसके बाद चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और करीब 34 जीवित कीड़ों को बाहर निकाला।
ईएनटी रोग निदान विशेषज्ञ डॉ. शुभकाम आर्य ने बताया कि चिकित्सकीय भाषा में इस स्थिति को नेजल मायियेसिस कहा जाता है। इसमें मक्खियों के लार्वा नाक के भीतर पनपने लगते हैं। यह अपेक्षाकृत दुर्लभ स्थिति है। महिला की नाक के पिछले हिस्से में लार्वा की मौजूदगी विशेष रूप से चिंताजनक थी, क्योंकि इससे आसपास के ऊतकों को नुकसान पहुंचने और संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।
विशेषज्ञों के अनुसार नाक से लगातार खून आना, तेज दर्द या असामान्य परेशानी होने पर इसे सामान्य समस्या मानकर लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार जरूरी है। मक्खियों और कीड़ों से बचाव के लिए आसपास स्वच्छता बनाए रखना, भोजन और रहने की जगह को साफ रखना भी महत्वपूर्ण है। इस मामले में समय पर विशेषज्ञ के पास पहुंचने से महिला का उपचार संभव हो सका।