Abhijeet Dipke in Jaipur : भर्ती परीक्षाओं में पेपरलीक, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य को लेकर देशभर में चल रही बहस के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके सोशल मीडिया पर कैम्पेन चलाने के बाद अब वे लोगों के बीच जा रहे हैं। सोमवार को वे जयपुर में थे। राजस्थान पत्रिका से विशेष बातचीत में अभिजीत दिपके ने कहा कि पेपरलीक कोई सामान्य चूक नहीं, बल्कि व्यवस्था की खामी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता और सिस्टम युवाओं की बात सुनना बंद कर देते हैं, तब आंदोलन जन्म लेते हैं।
Q. राजस्थान सरकार का दावा है कि उनके कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। ऐसे में यहां प्रदर्शन करना कितना कारगर होगा?
जवाब - इतने बड़े स्तर पर बार-बार पेपर लीक होना इस बात का संकेत है कि सिस्टम के भीतर कहीं न कहीं गंभीर खामियां हैं। पेपर लीक से सिर्फ एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, युवाओं का पूरे सिस्टम से भरोसा उठ जाता है। जब युवा सवाल पूछते हैं तो उन्हें जवाब देने की बजाय बरगलाने की कोशिश की जाती है।
Q. आप खुद को आंदोलनकारी मानते हैं या भविष्य के राजनेता?
जवाब - मैं खुद को सबसे पहले युवाओं की आवाज मानता हूं। राजनीति और आंदोलन को मैं अलग-अलग नहीं देखता। वर्षों तक हमने व्यवस्था के भीतर रहकर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन जब युवाओं की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया गया तो सड़क पर उतरना पड़ा।
Q. आपके आंदोलनों को लेकर कहा जाता है कि आप केवल विरोध करते हैं, समाधान नहीं देते?
जवाब - यह आरोप पूरी तरह गलत है। हम लगातार समाधान की बात करते रहे हैं। हमारी मांग है कि भर्ती परीक्षाओं के लिए पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था बनाई जाए। एक तय भर्ती कैलेंडर हो, परीक्षाएं और परिणाम समयबद्ध हों, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को ऐसी सजा मिले जो उदाहरण बने।
Q. आगे आपकी लड़ाई और रणनीति क्या होगी?
जवाब - यह लड़ाई किसी एक परीक्षा या एक राज्य तक सीमित नहीं है। यह देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की लड़ाई है।
इससे पूर्व जयपुर में कॉकरोज जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने साथ हुई मारपीट की घटना के बाद पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा, आज का हमारा प्रदर्शन काफी बड़ा और बेहद सफल रहा। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हमारा शांतिपूर्ण आंदोलन दिन-प्रतिदिन मजबूत और व्यापक होता जा रहा है। अभिजीत दीपके ने कहा कि जहां तक आज हुई घटना का सवाल है, यह हमें डराने, धमकाने और असली मुद्दे से भटकाने की एक कोशिश है। लेकिन हम किसी भी स्थिति में अपने मुद्दे से नहीं भटकेंगे। हमारा एक ही मुद्दा है कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा।
रोहित शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी हीरावाला, पुलिस थाना कानोता
राकेश गुर्जर, उम्र 30 वर्ष, निवासी कुचावास, पुलिस थाना बगरू
अजय शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी कानोता, पुलिस थाना कानोता
कुलदीप सिंह शेखावत, उम्र 27 वर्ष, निवासी देवराला, सीकर
निकेत, उम्र 28, निवासी-प्रभात नगर जोधपुर।