Jaipur Air Show : खम्मा घणी जयपुर… गुलाबी नगरी पर आसमान से शुक्रवार को भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम शौर्य के रंग बरसाएंगे। आज दोपहर 2 बजे मानसागर पर करीब 55 मिनट का भव्य एयर शो होगा।
Jaipur Air Show : खम्मा घणी जयपुर… गुलाबी नगरी पर आसमान से शुक्रवार को भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम शौर्य के रंग बरसाएंगे। मानसागर पर रोमांचक करतबों, तेज गर्जना, अद्भुत फॉर्मेशन और तिरंगे की रंगीन छटा के बीच यह एयर शो देशभक्ति के जज्बे और गर्व की अनुभूति कराएगा। रविवार को मुख्य आयोजन होगा। जिसमें दोनों टीमें शामिल होंगी। इसको लेकर ओटीएस सभागार में गुरुवार को वायुसेना के पायलट का युवाओं से संवाद कार्यक्रम हुआ। उन्होंने मूक-बधिर छात्र, एनसीसी कैडेट्स, स्टूडेंट्स और युवा शामिल हुए।
पायलट्स के अनुसार 20 व 22 फरवरी को एयर शो दोपहर 2 बजे शुरू होगा, लेकिन उन्होंने दर्शकों को कम से कम एक घंटे पहले पहुंचकर अपनी जगह पर बैठने की सलाह दी है। लगभग 50 से 55 मिनट के इस शो में सूर्यकिरण और सारंग करतब दिखाएंगे। सूर्यकिरण टीम के 9 फाइटर जेट महज पांच-पांच मीटर की दूरी में उड़ान भरेंगे। क्रॉसिंग के दौरान विमानों की गति 1400 किमी प्रतिघंटा तक होगी, जबकि सामान्य फॉर्मेशन में 700 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार रहेगी। वहीं, सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टर एक साथ जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरकर मानसागर पहुंचेंगे। युवाओं में सेना के प्रति आकर्षण जगाना आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
अपने शहर में शो करना गौरव की बात
मैं मुरलीपुरा क्षेत्र में रहता हूं, मेरे पिता भी यहीं रहते हैं। वर्ष 2023 में सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम में शामिल हुआ था। अब टीम छोड़ने जा रहा हूं। यह मेरे लिए सौभाग्य है कि पहला और अंतिम एयर शो अपने ही शहर जयपुर में कर पाया। सुखोई विमान का पायलट हूं और इस शो के बाद वापस अपनी पोस्टिंग पर चला जाऊंगा।
पायलट विंग कमांडर राजेश काजला
परिवार और दोस्तों के सामने प्रदर्शन करना गर्व की बात
मेरा जन्म जयपुर में हुआ है। मानसरोवर से स्कूली शिक्षा ली और करीब 15 साल जयपुर में पढ़ाई की। मैंने मिग 21 विमान उड़ाया है। जिसमें 600 से 700 घंटे की फ्लाइंग कर चुका हूं। तीन साल से सूर्यकिरण टीम का हिस्सा हूं। हम अलग-अलग तरीकों से आसमान में हार्ट शेप बनाते हैं। अपने परिवार और दोस्तों के सामने प्रदर्शन करना गर्व की बात है।
विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ
गर्व की बात है जयपुर से हैं तीन पायलट
मैंने जयपुर के आर्मी स्कूल से पढ़ाई की और यहीं से बीटेक किया। वर्ष 2014 में फ्लाइंग शुरू की। चाहता हूं कि आर्मी स्कूल और एनसीसी के बच्चे प्रेरित हों, डिफेंस कोर्स जॉइन करें और देश की सेवा करें। गर्व है कि तीन पायलट जयपुर से हैं और अपने शहर के सामने बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह
इस बार के एयर शो में ‘सारंग’ टीम भी होगी। गुरुवार शाम को हेलिकॉप्टर सारंग ने मानसागर (जलमहल) पर अभ्यास किया। शुक्रवार व रविवार को सूर्य किरण के साथ हिस्सा लेंगे। खास बात है कि, सूर्यकिरण और सारंग दोनों में महिला पायलट नजर आएगी। इतना ही नहीं, कमेंटेटर की भूमिका में भी दिखेगी। सारंग टीम की कमेंटेटर पल्लवी ने बताया- ‘सारंग’ संस्कृत शब्द है, जिसका अर्थ मोर होता है।
1- निर्धारित प्रवेश द्वार से ही प्रवेश करें, जहां सुरक्षा जांच होगी।
2- पहचान पत्र साथ रखना आवश्यक होगा।
3- ज्वलनशील सामग्री ड्रोन, नुकीली वस्तुएं आदि न लाएं।
4- सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एजेंसी कर्मचारियों का सहयोग करें।
पास लेने के लिए SSO पोर्टल sso.rajasthan.gov.in पर अपनी आईडी-पासवर्ड से लॉगिन करें। इसके बाद Citizen App के जरिए G2C सर्विस में जाकर Air ShOW JAL MAHAL REGISTRATION में रजिस्ट्रेशन करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद अपना पास डाउनलोड कर सकते हैं। जिसे आयोजन स्तर पर लेकर जाएं।