जयपुर

जयपुर एयरपोर्ट पर जब बढ़ गई यात्रियों की धड़कनें, 45 मिनट हवा में रही फ्लाइट, 8 चक्कर के बाद उतरी

Jaipur Airport: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आबूधाबी से आई एतिहाद एयरवेज फ्लाइट खराब मौसम के कारण समय पर लैंड नहीं कर सकी। विमान ने 45 मिनट में 8 चक्कर लगाए, जिससे यात्रियों में घबराहट हुई। मौसम सुधरने पर सुरक्षित लैंडिंग हुई।
2 min read
• •
Updated: 28 Apr 2026, 7:38 AM IST
Raipur Delhi Flights
Raipur Delhi Flights(photo-patrika)

Jaipur Airport Abu Dhabi Flight: जयपुर: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार शाम आबूधाबी से आने वाली फ्लाइट खराब मौसम के कारण समय पर लैंड नहीं कर सकी। करीब आठ चक्कर लगाने के बाद विमान सुरक्षित उतरा।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, एतिहाद एयरवेज की आबूधाबी-जयपुर फ्लाइट शाम 7:35 बजे जयपुर पहुंची। लेकिन मौसम खराब होने के चलते उसे तुरंत लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। करीब 45 मिनट तक विमान हवा में होल्ड पर रहा और इस दौरान आठ बार एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाए।

लगातार देरी और बार-बार चक्कर लगाने से यात्रियों में घबराहट की स्थिति बन गई। हालांकि, मौसम में थोड़ी सुधार के बाद विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया। फ्लाइट के उतरते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली।

प्रदेश में चार दिन आंधी-बारिश का दौर

मौसम केंद्र के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं का प्रभाव भी बढ़ेगा। इसके चलते मंगलवार से आगामी चार दिनों में कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

इससे अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, सोमवार को नौ शहरों में दिन का पारा 45 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया।

65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, 11 डिग्री तक गिरा पारा

राजधानी जयपुर में सोमवार को मौसम ने ऐसे अलग-अलग रंग दिखाए कि लोग हैरान रह गए। दिन में 43.5 डिग्री की लू ने शहर को तपाया तो शाम होते ही आंधी ने एंट्री मारी। पहले 40 की रफ्तार, फिर 65 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा ने हालात बदल दिए। दो बार तेज अंधड़ आया।

पहला शाम साढ़े छह बजे, इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इसके बाद आंधी चलती रही। दूसरा अंधड़ करीब नौ बजे आया, जब हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। शाम पांच बजे पारा 43 डिग्री के पास दर्ज था। आंधी-अंधड़ के बाद तापमान लगातार गिरता रहा और रात नौ बजे तक पारा 32 डिग्री पर आ गया।

Updated on:
28 Apr 2026, 7:38 AM IST
Published on: