जयपुर

Jaipur: जयपुर में 4 दिन में दूसरी बार उड़ान से पहले ‘ब्रेक’, फ्लाइट ग्राउंडेड, पुणे के लिए बुलवाया दूसरा एयरक्राफ्ट

Jaipur Flight Grounded: राजस्थान में बढ़ती गर्मी के साथ ही हवाई सेवाओं में तकनीकी खामियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है,जिससे यात्रियों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।

2 min read
Apr 27, 2026
जयपुर एयरपोर्ट, प​त्रिका फाइल फोटो

Jaipur Flight Grounded: राजस्थान में बढ़ती गर्मी के साथ ही हवाई सेवाओं में तकनीकी खामियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है,जिससे यात्रियों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।
बीते 4 दिन में दूसरी बार रविवार को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बार फिर ऐसी स्थिति देखने को मिली। ट्रेनों में कंफर्म टिकट की मारामारी बढ़ने से हवाई यात्रा का विकल्प चुनने वालों को विमानों में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में निराश होना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें

उत्तर पश्चिम रेलवे में अब AI का पहरा, जानें कैसे बिना दिखे आपकी सुरक्षा करेगा ‘रोबोटिक दिमाग’!

तकनीकी खामी के कारण फ्लाइट ग्राउंडेड

एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट शनिवार देर रात बेंगलूरु से जयपुर सुरक्षित पहुंच गई थी, लेकिन जब इसे दोपहर 12:40 बजे जयपुर से पुणे के लिए रवाना होना था, उसी दौरान इसमें तकनीकी खामी सामने आ गई। खामी को दूर करने के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके चलते विमान को तत्काल ग्राउंडेड करना पड़ा।

फ्लाइट के संचालन में देरी से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। हंगामे की स्थिति को संभालने के लिए एयरलाइन ने आनन फानन में वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए बेंगलूरु से दूसरा एयरक्राफ्ट मंगवाया। इसके पहुंचने के बाद ही यात्रियों को पुणे के लिए रवाना किया जा सका। हालांकि इस दौरान यात्रियों को करीब एक घंटे तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।

चार दिन पहले भी रद्द हुई थी फ्लाइट

जयपुर एयरपोर्ट पर चार दिन पहले भी इसी तरह की स्थिति बनी थी। नवी मुंबई जाने वाली इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद ऐन वक्त पर उसे भी ग्राउंडेड करना पड़ा था। यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए, लेकिन इसमें काफी समय लगा। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। विमानों में आ रही तकनीकी गड़बड़ी से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों में भय का माहौल भी बनने लगा है।

कनेक्टिंग फ्लाइट वाले यात्री सर्वाधिक परेशान

ऐन वक्त पर तकनीकी खामी के कारण फ्लाइट रद्द या लेट होने से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। फ्लाइट उपलब्ध नहीं होने पर कई यात्रियों को अपनी यात्रा टालनी पड़ती है, जबकि कुछ यात्री रिशेड्यूल या रिफंड का विकल्प चुनने को मजबूर होते हैं।

ये भी पढ़ें

जयपुर के शाही संग्रह की शान रहा ‘सुपर कम्प्यूटर’ लंदन में होगा नीलाम, तारों से लेकर कुंडली तक, सब बताता था एस्ट्रोलैब
Also Read
View All