Jaipur Ajmer Highway Accident : जयपुर-अजमेर हाइवे पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
Jaipur Ajmer Highway Accident : जयपुर। जयपुर-अजमेर हाइवे पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसा एनएच-48 पर बगरू के पास होटल हाईवे किंग के सामने करीब ढाई बजे हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ,सिविल डिफेंस और रेस्क्यू टीम मौके पहुंची। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और टैंकर पर पानी की बौछार कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रॉन्ग साइड से आ रही एसयूवी को बचाने के प्रयास में टैंकर चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
बताया जा रहा है कि टैंकर में एथेनॉल केमिकल भरा हुआ था। दुर्घटना के समय टैंकर में चालक और खलासी मौजूद थे, जबकि एसयूवी सवार चार लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गैस रिसाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली कराने के निर्देश दिए हैं तथा लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। हादसे के कारण अजमेर रोड पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक डायवर्ट किया और स्थिति को संभाला। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। टैंकर में चालक और खलासी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं एसयूवी गाड़ी में चार लोग सवार थे और हादसे के दौरान वह भी पलट गई। दुर्घटना के बाद गाड़ी सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर उनकी पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में सावरदा पुलिया के पास एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक को अजमेर की तरफ से आ रहे केमिकल से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी थी। जिससे ट्रक में भीषण आग लग गई और एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे। लगातार हुए धमाकों से करीब दस किलोमीटर तक हाईवे दहल उठा था।