Army Day Parade: राजधानी जयपुर में पहली बार 15 जनवरी को जगतपुरा महल रोड पर सेना दिवस परेड होगी, 13 को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। बिना पास प्रवेश नहीं मिलेगा। पास sso.rajasthan.gov.in पर मुफ्त उपलब्ध हैं।
Jaipur Army Parade: जयपुर: गुलाबी नगर में पहली बार जगतपुरा महल रोड पर सेना दिवस (आर्मी-डे) परेड का आयोजन किया जा रहा है। यह परेड 15 जनवरी को आयोजित होगी, जबकि 13 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न होगी। परेड में भारतीय सेना के अनुशासन, शौर्य, वीरता एवं पराक्रम का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा।
जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने कहा कि बिना पास किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पास sso.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन नि:शुल्क बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि दर्शक 8 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लें। सुरक्षा की दृष्टि से 8:30 बजे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दर्शक प्रवेश के लिए पास के साथ अपना वैध पहचान पत्र साथ लाएं।
-दर्शक किसी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ, अस्त्र शस्त्र व माचिस सहित अन्य संदिग्ध सामग्री नहीं ले जा सकेंगे।
-संदिग्धों की सूचना पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 100, 112 और 7300363636 पर दी जा सकती है।
-पुलिस ने दर्शकों के बैठने के ब्लॉक, पार्किंग स्थल और आने-जाने के रास्तों का नक्शा और मैप जारी किया है।
-दर्शकों के बैठने की व्यवस्था अक्षय पात्र मंदिर के सामने की तरफ की गई है। डी-मार्ट सर्कल से महावीर मार्ग व केंद्रीय विहार मार्ग की तरफ से आएं।
-परेड के दौरान महल रोड पर यातायात बंद रहेगा। खाटूश्याम सर्कल से एनआरआई चौराहा, अक्षयपात्र की तरफ जाने वाले सामान्य यातायात को एनआरआई चौराहा से डायवर्ट कर हल्दीघाटी मार्ग, वीआईटी रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
-विधाणी चौराहा की तरफ से बॉम्बे हॉस्पिटल, अक्षयपात्र की तरफ जाने वाले यातायात को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा से डायवर्ट कर केंद्रीय विहार मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। ट्रैफिक दबाव होने पर विधाणी चौराहा की तरफ से बॉम्बे हॉस्पिटल की तरफ जाने वाले यातायात को विधाणी चौराहे से डायवर्ट कर महात्मा गांधी रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
-राणा सांगा मार्ग से अक्षयपात्र चौराहा महल रोड की तरफ जाने वाले यातायात को द्वारकापुरा सर्कल/गौतम बुद्ध सर्कल से डायवर्ट किया जाएगा।
-गोनेर मार्ग से अक्षयपात्र चौराहा महल रोड की तरफ जाने वाले यातायात को डी-मार्ट सर्कल से डायवर्ट किया जाएगा।
-एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक महल रोड पर खुलने वाले आवासीय कॉलोनी गेट एवं छोटे रास्तों पर यातायात बंद रहेगा।
-कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहन हल्दी घाटी मार्ग व राणा सांगा मार्ग से निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क कर सकेंगे। बसें गोनेर रोड, वृंदावन होटल के पास पूर्णिमा कॉलेज, जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी मार्ग पर पार्क की जा सकेंगी।