
जयपुर। बड़ी चौपड़ स्थित बाजार में गुरुवार को लगी आग के बाद आज (शुक्रवार को) पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मौके पर पहुंचे। गहलोत ने सेठी कॉम्प्लेक्स में आग से प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने दुकानदारों से बातचीत कर आग से हुए नुकसान की जानकारी ली और मौके के हालात भी देखे। आग की घटना में बाजार की करीब 25 दुकानें प्रभावित हुई हैं।
आग के बाद दुकानदारों के सामने हुए नुकसान और कारोबार पर पड़े असर को लेकर गहलोत ने उनसे बात की और उनकी परेशानियां जानीं। इस दौरान बड़ी चौपड़ बाजार में आग से प्रभावित क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी नजर आई। वहीं घटनास्थल पर पहुंचकर अशोक गहलोत ने मीडिया से भी बातचीत की।
अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आग लगने की सूचना मिलते ही NDRF और दमकल की टीमें समय पर मौके पर पहुंचीं और उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने टीमों के काम की तारीफ करते हुए कहा कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन अगर हालात बिगड़ते तो बड़ा नुकसान हो सकता था। गहलोत ने सरकार से उन इमारतों की जांच कराने की मांग की, जिन्हें फायर एनओसी दी गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। गहलोत ने यह भी कहा कि अभी तक सरकार का कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा है और सरकार को प्रभावित व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जाननी चाहिए।
गहलोत ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि जयपुर में पुरोहित जी के कटले में हुए अग्निकांड के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात की। गहलोत ने बताया कि हादसे से परेशान व्यापारियों का कहना है कि अभी तक राज्य सरकार की ओर से कोई उनसे मिलने नहीं आया है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह व्यापारियों से मुलाकात करे और आग से प्रभावित लोगों को जल्द उचित मुआवजा दे।
जयपुर के पुरोहित जी के कटले में गुरुवार सुबह आग लगने से कई दुकानें और गोदाम इसकी चपेट में आ गए। दुकानों में कपड़े, प्लास्टिक और अन्य सामान रखा होने से आग तेजी से फैल गई। संकरी गलियों के कारण दमकल टीमों को भी आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि आग की असली वजह की जांच की जा रही है। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।