जयपुर

जयपुर के चंदवाजी में निर्माणाधीन रिसोर्ट की दीवार गिरी, तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल

जयपुर जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन रिसॉर्ट की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
2 min read
Jun 29, 2026
Jaipur Rural Wall Collapse
Jaipur Rural Wall Collapse

जयपुर। जयपुर जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां दिल्ली हाईवे पर ताला मोड़ के समीप एक निर्माणाधीन रिसॉर्ट की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली हाईवे पर ताला मोड़ के समीप द पैलेस अरावली रिसॉर्ट में करीब 100 फीट लंबा, 30 फीट चौड़ा और 20 फीट गहरा सीवरेज का गड्ढा खोदा गया था। सोमवार को मजदूर इसी गड्ढे को दुरुस्त करने के काम में जुटे थे। बताया जा रहा है कि एक तरफ रिसॉर्ट का निर्माण कार्य चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ खोदी गई मिट्टी का भराई का काम चल रहा था। इसी दारौन अचानक मिट्टी भरभराकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरी। जब तक मजदूर कुछ समझ पाते, सभी मलबे में दब गए।

मौके पर मची चीख-पुकार, ठेकेदार हुआ फरार

हादसा होते ही रिसॉर्ट परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे को देख ठेकेदार मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना चंदवाजी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे को हटाकर भारी मशक्कत के बाद सभी 6 मजदूरों को बाहर निकाला।

चिकित्सकों ने 3 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, वहीं 3 गंभीर घायल मजदूरों को तुरंत नजदीक के निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ठेकेदार की तलाश की जा रही है।

Updated on:
29 Jun 2026 02:52 pm
Published on:
29 Jun 2026 02:07 pm