
Accused Boyfriend Arrested: जयपुर में कॉलेज छात्रा के साथ मारपीट और कपड़े फाड़ने के चर्चित मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एक आरोपी बॉयफ्रेंड को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले में आरोप है कि कॉलेज छात्रा के के दो एक्स बॉयफ्रेंड्स ने मिलकर उसके साथ बीच सड़क में पहले मारपीट की और फिर वहीं पर उसके कपड़े भी फाड़ दिए। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि उन दोनों ने बदला लेने की नीयत से यह सब प्लान किया था।
पुलिस के अनुसार 23 साल की युवती जयपुर के एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है। कॉलेज के दौरान उसकी एक छात्र से दोस्ती हुई, जो बाद में रिश्ते में बदल गई। कुछ समय तक दोनों साथ भी रहे, लेकिन बाद में युवक का व्यवहार बदलने लगा और वह हर दिन मारपीट करने लगा। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने उससे दूरी बना ली। इसके बाद उसकी एक दूसरे युवक से दोस्ती हुई, लेकिन वह भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगा। परेशान होने पर उसने दूसरा रिश्ता भी खत्म कर दिया।
जांच में सामने आया कि दोनों युवकों को यह पता चल गया था कि छात्रा ने उनसे रिश्ता खत्म कर दिया है। दोनों ने इसे अपने साथ धोखा मान लिया और बदला लेने की योजना बना डाली। 14 जुलाई को जब छात्रा कॉलेज जा रही थी, तभी दोनों ने रास्ते में उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। घटना के दौरान वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और छात्रा का मेडिकल करवाने के साथ उसके बयान भी दर्ज किए। जांच के दौरान पुलिस ने 20 जुलाई को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं दूसरा आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा।
पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दूसरा युवक फरार हो गया था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही थी। करीब सात दिन तक चली तलाश के बाद सोमवार को पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। अब दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।