
जयपुर। राजधानी जयपुर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च शुरू किया। भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ने से पहले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन किया। इसके बाद रैली भाजपा कार्यालय की ओर रवाना हुई। हालांकि, पुलिस कमिश्नेरट के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस लगातार आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी दे रही है।
पुलिस कमिश्नरेट के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान गोविंद सिंह डोटासरा के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ताओं के नहीं मानने पर पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। इस दौरान कार्यकर्ता तितर-वितर होने लगे। रैली के कारण संसार चंद्र रोड और आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया, जिससे आम लोगों को परेशानी कम हो सके।
प्रदर्शन को देखते हुए जयपुर पुलिस पहले से अलर्ट मोड पर रही। संसार चंद्र रोड सहित भाजपा मुख्यालय की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई ताकि प्रदर्शनकारियों को भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से रोका जा सके। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी लगाया गया।
पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पहले भाजपा का प्रदर्शन केवल दिखावा था, क्योंकि सरकार स्वयं भाजपा की है और विरोध का नाटक किया गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार जवाब देने से बच रही है। इसी कारण पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन चला रही है।
गौरतलब है कि कुछ घंटे पहले भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च निकाला था, जिसे पुलिस ने बैरिकेडिंग और वाटर कैनन के जरिए रोक दिया था। इसके बाद कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस ने यह प्रदर्शन किया।