7 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान BJP का कांग्रेस मुख्यालय घेराव, पुलिस ने ‘वाटर कैनन’ से रोका, इधर कांग्रेस का भी BJP मुख्यालय कूच का एलान

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच टकराव की आशंका से सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है।
3 min read
Google source verification
BJP Protest in Jaipur

BJP Protest in Jaipur

राजस्थान की राजधानी जयपुर की सड़कें बुधवार को भारी सियासी संग्राम और पुलिसिया एक्शन की गवाह बनीं। दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास घेराव के दौरान संवैधानिक मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) मुख्यालय का घेराव करने के लिए विशाल मार्च निकाला। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अगुवाई में निकले इस प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, शंकर अगोरा, राखी राठौड़ समेत विभिन्न मोर्चों के दिग्गज नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जैसे ही बीजेपी कार्यकर्ता सी-स्कीम से कांग्रेस दफ्तर की ओर बढ़े, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। आगे बढ़ने की जिद पर अड़े कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए जयपुर पुलिस ने वाटर कैनन की बौछारें छोड़ दीं, जिससे मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इस बीच, कांग्रेस ने भी बीजेपी के इस प्रदर्शन को 'ढोंग' करार देते हुए पलटवार में बीजेपी प्रदेश मुख्यालय के घेराव और कूच का बड़ा ऐलान कर दिया है, जिससे राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है।

वॉटर कैनन की बौछार से रोका, मदन राठौड़ ने संभाली कमान

दिल्ली की घटना के विरोध में बीजेपी ने अपने पूरे कैडर को जयपुर की सड़कों पर उतार दिया। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्च शुरू किया।

बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को पानी की तेज बौछारें चलानी पड़ीं।

मदन राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस लगातार लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक पदों की अवहेलना कर रहे हैं, जिसे राजस्थान की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

'उल्टे बांस बरेली को...' : डोटासरा

बीजेपी के इस उग्र प्रदर्शन के तुरंत बाद राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। डोटासरा ने निशाना साधते हुए कहा कि 'उल्टे बांस बरेली को' वाली कहावत आज जयपुर की सड़कों पर पूरी तरह चरितार्थ हो रही है।

डोटासरा ने सवाल उठाया कि पेपर लीक मोदी सरकार के राज में हो रहे हैं, नकल माफिया बीजेपी के पदाधिकारी निकल रहे हैं, विरोध करने वाले छात्रों पर क्रूरता की जा रही है और जब राहुल गांधी युवाओं की आवाज उठाते हैं तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। ऐसे में बीजेपी का यह प्रदर्शन पूरी तरह से ढोंग है।

पीसीसी चीफ ने कहा कि जिस समय संसद में राज्यसभा की कार्रवाई चल रही है, उस समय दिल्ली से पर्ची थमाकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को मैदान में उतार दिया गया है, जिन्हें मूल मुद्दे की जानकारी तक नहीं है।

बीजेपी मुख्यालय कूच का ऐलान

डोटासरा ने घोषणा की कि बीजेपी की इस 'चोरी और सीनाजोरी' के जवाब में अब कांग्रेस कार्यकर्ता भी बीजेपी प्रदेश मुख्यालय की ओर कूच करेंगे और उसका घेराव करेंगे।

अब दोनों दल आमने-सामने

जयपुर का सियासी माहौल पिछले 24 घंटों से लगातार उबल रहा है। इससे ठीक 1 दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सांकेतिक सामूहिक गिरफ्तारियां दी थीं।

अब बीजेपी के घेराव और उसके जवाब में कांग्रेस के पलटवार वाले ऐलान के बाद जयपुर शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस अलर्ट पर है।

जयपुर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, ट्रैफिक डायवर्ट

दोनों प्रमुख दलों के एक-दूसरे के दफ्तरों को घेरने के ऐलानों को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर भर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सी-स्कीम, चांदपोल और एमआई रोड स्थित दोनों पार्टियों के मुख्यालयों के बाहर भारी बैरिकेडिंग की गई है और वाटर कैनन के साथ दंगा नियंत्रण वाहन तैनात कर दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन किसी भी स्थिति में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को आमने-सामने नहीं आने देना चाहता। इसके लिए पूरे इलाके में ड्रोन कैमरों से स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।