जयपुर

“मुझे बताएं, मैं ही सारा काम देखता हूं”: जयपुर में पार्षद पति-रिश्तेदार संभाल रहे कमान! महिला प्रतिनिधित्व पर उठे सवाल

जयपुर नगर निगम की बैठकों में महिला पार्षदों की जगह उनके पति, बेटे और रिश्तेदारों की मौजूदगी नजर आ रही है। एक पार्षद पति ने कहा, “मुझे बताएं, मैं ही सारा काम देखता हूं।” इससे महिला प्रतिनिधित्व और पार्षदों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
women representation in jaipur municipal meetings
जयपुर. नगर निगम के मुरलीपुरा जोन कार्यालय में बैठक के दौरान पार्षद नहीं पहुंचे, उनकी जगह बेटे और पति आए (Photo-Patrika)

जयपुर. नगर निगम चुनाव में महिलाएं जीतकर पार्षद बनीं और नगर निगम पहुंचीं, लेकिन बैठकों में उनकी जगह कई जगह पति, बेटे और रिश्तेदार नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, पार्षदों से संपर्क करने के लिए निगम की सूची में दिए गए मोबाइल नंबरों पर फोन करने पर भी कई जगह उनके पति या बेटे ही फोन उठा रहे हैं।

वार्ड सात की पार्षद पूनम तिवाड़ी से बात करने के लिए जब फोन किया गया तो उनके पति प्रदीप तिवाड़ी ने फोन उठाया। पार्षद से बात कराने के लिए कहने पर उन्होंने कहा, “मुझे बताएं, मैं ही सारा काम देखता हूं।” पत्नी का मोबाइल नंबर मांगने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना ही नंबर सभी जगह दे रखा है।

वहीं, दो अन्य महिला पार्षदों से फोन और मैसेज के जरिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। निगम की बैठकों में महिला पार्षदों की जगह उनके पति, बेटे और रिश्तेदारों की मौजूदगी से यह सवाल उठ रहा है कि चुनी गई महिला पार्षदों की भूमिका वास्तव में कितनी है और उनके वार्ड का कामकाज कौन संभाल रहा है।

मां की जगह बेटा आया… बेटी के साथ पिता…

  • वार्ड 8: निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीतकर पार्षद बनीं मंजू शर्मा बैठक में मौजूद नहीं थीं। उनकी जगह उनके पति दिनेश कांवट बैठक में पहुंचे। कांवट इससे पहले दो बार पार्षद रह चुके हैं और निगम के कामकाज का अनुभव रखते हैं।
  • वार्ड 18: कांग्रेस की पार्षद वंदिता शर्मा की जगह उनके रिश्तेदार और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अरविंद बैठक में नजर आए। उन्होंने बैठक में पार्षद की जगह मौजूदगी दर्ज कराई।
  • वार्ड 4 और 9: भाजपा पार्षद पिंकी देवी की जगह उनके पति विजय शर्मा बैठक में पहुंचे। वहीं वार्ड 9 से कांग्रेस पार्षद कैलाश के बेटे राजेश गुर्जर भी बैठक में मौजूद रहे। राजेश गुर्जर इससे पहले पिछले बोर्ड में पार्षद रह चुके हैं।
  • वार्ड 10: भाजपा पार्षद पलक यादव बैठक में अपने पिता कमलेश यादव के साथ पहुंचीं। कमलेश यादव भी पिछले बोर्ड में निर्दलीय पार्षद रह चुके हैं। इससे बैठक में कई ऐसे चेहरे नजर आए, जो पहले भी निगम की राजनीति और कामकाज से जुड़े रहे हैं।

दो ने फोन नहीं उठाया

वहीं दो अन्य महिला पार्षद मंजू शर्मा और वंदिता शर्मा ने फोन नहीं उठाया। उन्हें संदेश भेजकर जवाब चाहा गया, लेकिन उनका जवाब फिर भी नहीं मिला।

Updated on:
08 Oct 2026 09:22 am
Published on:
08 Oct 2026 09:22 am