जयपुर

Jaipur News : कांग्रेस विधायक सहित 12 आरोपियों को कोर्ट ने किया बरी, सभी को दिया ‘संदेह का लाभ’

Jaipur News : जयपुर में कोर्ट ने 10 साल पुराने छात्र आंदोलन मामले में विधायक रामनिवास गावड़िया समेत सभी 12 आरोपी को बरी कर दिया है।
2 min read
Jaipur Court acquits all 12 accused including MLA Ram Niwas Gavadia
Jaipur News : परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया। फोटो पत्रिका

Jaipur News : जयपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने 10 साल पुराने छात्र आंदोलन से जुड़े मामले में परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया, सतवीर चौधरी और पूजा भार्गव समेत सभी 12 आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों को आरोप साबित करने में विफल माना और सभी को 'संदेह का लाभ' देते हुए दोषमुक्त कर दिया। मामला 6 जून 2016 का है। राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे।

गांधी नगर थाना पुलिस ने रास्ता रोकने और राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया था। हालांकि, सुनवाई के दौरान आरोप सिद्ध न होने पर अदालत ने सभी को बरी कर दिया।

जानें क्या है पूरा मामला

6 जून 2016 को गांधी नगर पुलिस थाने जयपुर में रिपोर्ट दर्ज हुई थी कि जयपुर में एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर कुछ छात्र यूनिवर्सिटी के गेट के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस के समझाने के बावजूद उन्होंने रास्ता जाम किया और यातायात बाधित किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा डाली।

पुलिस के नाम पूछने पर उन्होंने अपने नाम सतबीर चौधरी, रामनिवास गावडिया सहित अन्य नाम बताए। इस पर पुलिस ने उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, रास्ता रोकने, शांति भंग करने सहित अन्य आरोप में केस दर्ज किया और कोर्ट में चालान पेश किया था।

जानें कौन हैं विधायक रामनिवास गावड़िया

रामनिवास गावड़िया राजस्थान के नागौर जिले की परबतसर विधानसभा सीट से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विधायक हैं। वे युवा और सक्रिय नेता के रूप में जाने जाते हैं। 2018 में पहली बार विधायक चुने गए और 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के मानसिंह किनसरिया को करीब 10,316 वोटों से पराजित कर अपनी जीत दोहराई। उन्होंने 91,530 वोट प्राप्त किए।

रामनिवास गावड़िया क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान देते हैं। अस्पताल सुधार, नए बस स्टैंड निर्माण, परबतसर-मकराना ट्रेन सेवा, सड़क-बिजली सुविधा, तेजाजी मंदिर जीर्णोद्धार और चौपाटी विकास जैसे कार्य उनके प्रमुख योगदान हैं। वे विधानसभा में क्षेत्रीय मुद्दे जैसे अवैध शराब रोकथाम, खाद्य सुरक्षा और पशुपालन आदि सक्रियता से उठाते हैं। वे सचिन पायलट गुट से जुड़े माने जाते हैं। 2021 में उनकी शादी डॉ. मोनिका सारण से हुई। कुचामन सिटी से संबंधित गावड़िया राजस्थान विधानसभा के युवा चेहरों में शुमार हैं और स्थानीय जनता में लोकप्रिय हैं।

Updated on:
25 Jul 2026 09:27 am
Published on:
25 Jul 2026 09:26 am