
जयपुर/माधोराजपुरा। जयपुर जिले के दोसरा में गत 9 जून को घर से लापता हुई गर्भवती महिला की हत्या के आरोपित महिला के पति व उसकी प्रेमिका को रिमांड अवधि पूरी होने पर रविवार को अवकाशकालीन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। माधोराजपुरा थानाधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि प्रेम-प्रसंग के चलते पूर्व निर्धारित योजना के मुताबिक भावना चौधरी पुत्री गणेश जाट ने अपने प्रेमी व मृतका के पति शंकर लाल गुर्जर के सहयोग से शंकर की गर्भवती पत्नी सम्पत गुर्जर की कुल्हाड़ी के पीछे वाले मोटे हिस्से से वार कर हत्या कर दी थी ।
गौरतलब है कि खातियों की ढाणी में रहने वाली सम्पत गुर्जर पत्नी शंकर लाल गुर्जर को उनके ही घर के सामने रहने वाली भावना पुत्री गणेश चौधरी 9 जून को शाम को चाय के बहाने अपने घर ले गई थी। जहां पानी में बेहोशी की दवा पिलाने के बाद अचेतावस्था में भावना ने कुल्हाड़ी के पीछे के मोटे हिस्से से सिर पर वार कर सम्पत को मार दिया था।
मारने के बाद उसे तिरपाल में लपेटकर अपने ही घर में गेहूं की बोरियों में छिपा दिया था। उधर मृतका के परिजन रात भर तलाश करते रहे। अगले दिन 10 जून को आरोपित भावना के पिता गणेश ने सम्पत का शव अपने घर में होने की जानकारी मृतका के परिजनों को दी ।
इस पर पुलिस ने भावना व मृतका के पति शंकर को डिटेन कर गहन पूछताछ की तो भावना ने मृतका के पति शंकर के सहयोग से प्रेम संबंधों में बाधक बन रही सम्पत को मौत के घाट उतारने की बात स्वीकार की थी। इस सम्बंध में मृतका के जेठ गोवर्धन पुत्र प्रभुनारायण गुर्जर ने यहां थाने में मामला दर्ज कराया था ।
यह वीडियो भी देखें
राजस्थान पुलिस ने मामले का मात्र केवल चार घंटे में ही खुलासा कर हत्या करने के मामले में मृतका के पति की प्रेमिका भावना व सहयोगी मृतका के पति शंकरलाल को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि शंकरलाल गुर्जर का गांव की ही महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों के संबंधों में सम्पत देवी रोड़ा बन रही थी ।