जयपुर

Jaipur Crime : किराएदार ही निकला जालसाज, फर्जी दस्तावेज बनाकर फैक्ट्री पर किया कब्जा, 2 भाइयों को पुलिस ने धर दबोचा

Jaipur Crime : जयपुर में किराए पर संपत्ति लेकर मालिक का भरोसा जीतने के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने वाले दो भाइयों को झोटवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
2 min read
• •
Updated: 6 Oct 2026, 6:53 PM IST
jaipur crime tenant turned out to be fraudster 2 brothers arrested police
Jaipur Crime : पुलिस की गिरफ्त में आरोपी भाई। फोटो पत्रिका

Jaipur Crime : जयपुर। किराए पर संपत्ति लेकर मालिक का भरोसा जीतने के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने वाले दो भाइयों को झोटवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फैक्ट्री का फर्जी खरीद इकरारनामा और रसीद तैयार कर संपत्ति पर अपना दावा कर दिया। बाद में फैक्ट्री खाली करने के बदले मालिक से मोटी रकम की मांग की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कोर्ट में पेश किए गए कूटरचित दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया गिरफ्तार आरोपी सचिन सिंह भाटी चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, देव नगर जोधपुर और उसका भाई सुमित सिंह उर्फ सन्नी किंग्स कोर्ट, वर्धमान लालरपुरा, गांधी पथ वैशाली नगर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार परिवादी सांवर मल अग्रवाल ने झोटवाड़ा थाने में शिकायत दी थी। इसमें बताया कि सचिन सिंह ने धोखाधड़ी कर फैक्ट्री से संबंधित फर्जी खरीद इकरारनामा और रसीद तैयार कर ली। इसके आधार पर उसने संपत्ति पर कब्जा कर लिया। जब मालिक ने फैक्ट्री खाली करने के लिए कहा तो आरोपियों ने इसके बदले रकम की मांग शुरू कर दी।

सिविल केस में भी लगाए फर्जी दस्तावेज

जांच में सामने आया कि संपत्ति पर अपना दावा मजबूत करने के लिए सचिन सिंह ने न्यायालय में सिविल वाद दायर कर दिया। इसमें भी कथित फर्जी इकरारनामा और रसीद को दस्तावेज के तौर पर पेश किया गया। पुलिस ने न्यायालय से इन दस्तावेजों को जब्त कर उनकी जांच शुरू की। इससे मामले में आरोपियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।

सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर दोनों की गतिविधियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों भाइयों ने इसी तरीके से अन्य संपत्तियों को भी निशाना बनाया है या नहीं।

पानी का प्लांट लगाने के नाम पर भी ठगी पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी सचिन सिंह के खिलाफ पानी का प्लांट लगाने के नाम पर ठगी सहित जयपुर, जोधपुर और हिमाचल प्रदेश में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में चालानशुदा भी है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके पुराने मामलों और संपत्ति संबंधी अन्य विवादों की जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
6 Oct 2026, 6:53 PM IST
Published on: