
जयपुर। राजधानी जयपुर में डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर युवती को मिलने बुलाने और फिर उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट करने का मामला सामने आया है। गांधीनगर थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डेटिंग ऐप पर अपनी पहचान छिपाकर छात्रा से बातचीत शुरू की थी। इसके बाद उसे मिलने के बहाने कॉलेज के बाहर बुलाया और कार में घुमाने ले गया।
गांधीनगर थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमेर क्षेत्र के भीमपुरा निवासी दीपक कुमार झरवाल (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार झालाना स्थित एक कॉलेज की छात्रा ने 20 नवंबर को हॉस्टल वार्डन के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छात्रा ने बताया कि बम्बल डेटिंग ऐप के जरिये एक युवक ने खुद को 'दर्शील' बताकर उससे बातचीत की और 19 नवंबर को कॉलेज के बाहर मिलने बुलाया। आरोपी उसे काले रंग की कार में घुमाने ले गया, जहां दोनों ने बीयर पी। आरोप है कि कॉलेज लौटते समय युवक ने छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। विरोध करने पर आरोपी ने उससे छेड़छाड़ और मारपीट की।
छात्रा जब कार से उतरकर जाने लगी, तो आरोपी ने उसकी गर्दन पकड़ ली और कार से टक्कर मार दी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को जुटता देखकर आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। घटना के बाद छात्रा ने हॉस्टल पहुंचकर वार्डन को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वार्डन के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही कार के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने भीमपुरा, आमेर निवासी दीपक कुमार झरवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की कार और आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।