जयपुर

जयपुर में भीषण सड़क हादसा : ट्रक में पीछे से घुसी कार, ड्राइवर की मौके पर हुई मौत, वाहन के उड़े परखच्चे

Jaipur Accident: दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस हाईवे पर तेज रफ्तार टैक्सी आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। भीषण टक्कर में टैक्सी चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि महिला यात्री घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
2 min read
Jul 24, 2026
Jaipur Accident
Jaipur Accident: हादसे में क्षतिग्रस्त कार (फोटो-पत्रका नेटवर्क)

जयपुर। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस हाईवे पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक टैक्सी चालक की जान चली गई, जबकि कार में सवार महिला यात्री घायल हो गई। तेज रफ्तार टैक्सी आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दौलतपुरा थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान टोंक जिले के मेहंदवास थाना क्षेत्र के क्यारिया गांव निवासी 27 वर्षीय मनोज प्रजापत के रूप में हुई है। मनोज टैक्सी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार को वह एक महिला यात्री को लेकर रींगस गया था और देर रात उसे लेकर जयपुर लौट रहा था।

अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक हादसा दौलतपुरा टोल प्लाजा से आगे सफेदा फार्म के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही टैक्सी तेज रफ्तार में होने के कारण समय पर नहीं रुक सकी और सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैक्सी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक केबिन में ही फंस गया।

महिला को आई मामूली चोटें

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दौलतपुरा थाना पुलिस ने राहगीरों की मदद से चालक को कार से बाहर निकाला। हाईवे एंबुलेंस की सहायता से मनोज और घायल महिला को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज को मृत घोषित कर दिया। महिला को मामूली चोटें आई थीं, प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टैक्सी को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर थाने पहुंचाया और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

यह वीडियो भी देखें :

परिजनों को सौंपा गया शव

मृतक के भाई शंकरलाल प्रजापत ने दौलतपुरा थाने में मामला दर्ज कराया है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद मनोज का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। साथ ही हादसे के सभी कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Updated on:
24 Jul 2026 08:16 pm
Published on:
24 Jul 2026 08:16 pm