
जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित 'विजय मार्च' (फोटो: @TikaRamJullyINC)
Dharmendra Pradhan Resignation: जयपुर: NEET पेपर लीक मामले में राहुल गांधी के नेतृत्व में चले जन-आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के उपलक्ष्य में जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक विशाल ‘विजय जुलूस’ का आयोजन किया गया। स्टेच्यू सर्किल से शुरू होकर अंबेडकर सर्किल तक निकले इस जुलूस में हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। जुलूस के समापन पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
बता दें कि इस विजय जुलूस का नेतृत्व राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया। जुलूस में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ चेहरे मौजूद रहे, जिनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बी.डी. कल्ला, पूर्व कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल और प्रताप सिंह खाचरियावास, मुख्य सचेतक रफीक खान और विधायक अमीन कागजी शामिल रहे।
पूर्व विधायक गंगादेवी, डूंगरराम गैदर, कृष्णा पूनिया, आरआर तिवाड़ी, डॉ. अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, विक्रम सिंह विक्सा, राजीव अरोड़ा, मंजू शर्मा, ललित तुनवाल, जसवंत गुर्जर, स्वर्णिम चतुर्वेदी और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह जुलूस में शामिल हुए।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि इस सफलता ने देश में लोकतंत्र, जनता और राहुल गांधी के नेतृत्व की ताकत को साबित किया है। कांग्रेस आगे भी युवाओं, गरीबों और बेरोजगारों पर होने वाले किसी भी अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी।
वहीं, जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक लड़ाई की जीत है। आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक पुलिस बर्बरता के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के छात्रों व अभिभावकों से माफी नहीं मांग लेते।
वहीं, मुख्य सचेतक रफीक खान ने प्रशासन और पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जवाहर सर्किल पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों को परेशान किया गया, तो कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी। कार्यक्रम के अंत में गोपाल नवरिया ने उपस्थित सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार व्यक्त किया।
Updated on:
25 Jul 2026 09:57 pm
Published on:
25 Jul 2026 09:57 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
