
Jaipur Murder News: जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बुंदू विहार कॉलोनी (राखोड़िया की ढाणी) में एक बेटे ने अपनी 55 वर्षीय मां की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान पन्नी देवी बैरवा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को डिटेन कर लिया है।
डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को शनिवार दोपहर करीब 12:55 बजे महिला की हत्या की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो मकान के बाहर पन्नी देवी का शव खून से लथपथ हालत में मिला। उनके माथे और बाईं आंख पर किसी धारदार हथियार से गहरे वार किए गए थे, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतका के अन्य बेटों ने पुलिस को बताया कि वे सुबह मजदूरी पर गए थे। दोपहर करीब 12 बजे एक रिश्तेदार ने उन्हें फोन कर इस अनहोनी की जानकारी दी। रिश्तेदार के मुताबिक, वारदात से कुछ देर पहले पन्नी देवी ने घबराए हुए स्वर में उसे फोन किया था और कहा था, अनिल ने मुझे घर में बंद कर रखा है, वह मुझे मार देगा। इसके ठीक बाद उनका फोन कट गया और स्विच ऑफ हो गया। जब तक परिजन घर पहुंचे, तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, मृतका का सबसे छोटा बेटा अनिल लंबे समय से गंभीर नशे का आदी है। पिछले दो दिनों से वह लगातार परिवार के लोगों से झगड़ा कर रहा था और घर में उत्पात मचा रहा था। उसकी हरकतों से परेशान होकर परिजनों ने उसकी झाड़-फूंक भी करवाई थी, लेकिन उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं हुआ। आशंका जताई जा रही है कि अनिल ने नशे की अत्यधिक हालत में ही अपनी मां पर यह जानलेवा हमला किया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की बरामदगी के प्रयास कर रही है। फिलहाल, आरोपी बेटा पुलिस की हिरासत में है और उससे हत्या के मुख्य कारणों को लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।