जयपुर

Rajasthan: सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर शव जलाने के मामले में बड़ा एक्शन, नवनिर्वाचित पार्षद समेत 5 गिरफ्तार

दूदू के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल परिसर में शव का दाह संस्कार करने तथा बाउंड्री वॉल के गेट का ताला तोड़कर जबरन प्रवेश करने के मामले में दूदू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के नवनिर्वाचित पार्षद कालूराम बागरिया सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
Government School Body Burning
पुलिस की​ गिरफ्त में पांच आरोपी। फोटो: पत्रिका

जयपुर। दूदू के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल परिसर में शव का दाह संस्कार करने तथा बाउंड्री वॉल के गेट का ताला तोड़कर जबरन प्रवेश करने के मामले में दूदू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के नवनिर्वाचित पार्षद कालूराम बागरिया सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी संजय प्रसाद मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नवनिर्वाचित नगर पालिका दूदू के पार्षद कालूराम बागरिया पुत्र घीसाराम बागरिया, गोपीराम बागरिया पुत्र चौथूराम बागरिया, राम सहाय पुत्र मुकनाराम, बोदूराम पुत्र कानाराम बागरिया व बबलू पुत्र हीराराम बागरिया निवासी माल की ढाणी शामिल हैं।

पुलिस का आरोप है कि सभी आरोपियों ने स्कूल परिसर में शव का दाह संस्कार किया तथा स्कूल की बाउंड्री वॉल के गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया था। मामले की जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है, यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संस्थानों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

छुट्टी के दिन जबरन तोड़ा था स्कूल का ताला

प्रधानाचार्य सरिता मीणा की ओर से दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 4 अक्टूबर को स्कूल में रविवार का अवकाश था। तभी दोपहर करीब दो बजे बागरिया जाति के करीब 200 लोग बाबू बागरिया निवासी माल की ढाणी, दूदू के शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ियों सहित लेकर स्कूल पहुंचे। स्कूल में तैनात सुरक्षा गार्ड जगदीश गुर्जर ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उसे धमकाया और मुख्य द्वार का ताला तोड़कर जबरन परिसर में घुस गए। इसके बाद स्कूल परिसर में ही शव का दाह संस्कार कर दिया।

देर शाम संस्था प्रधान को सूचना मिली तो प्रशासन को अवगत कराया गया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक अंतिम संस्कार लगभग पूरा हो गया था। प्रधानाचार्य ने रिपोर्ट में बताया कि 2016 के बाद विद्यालय परिसर में इस प्रकार की यह पहली घटना है। बिना अनुमति स्कूल में प्रवेश, ताला तोड़ना, गार्ड ई को को धमकाना धमक और शैक्षणिक परिसर का दाह संस्कार के लिए उपयोग किया जाना गंभीर मामला है।

Updated on:
08 Oct 2026 10:41 am
Published on:
08 Oct 2026 10:41 am