जयपुर

‘बदलाव से डरने के बजाय उसे आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करो’, आरोहण एम्पावर एलीवेट एक्सेल में सजा महिला सशक्तीकरण का मंच

Aarohan Empower Elevate Excel: जयपुर में जीतो लेडीज विंग का ‘आरोहण एम्पावर एलीवेट एक्सेल’ सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें 1500 से अधिक विजिटर्स पहुंचे। महिला उद्यमियों के स्टॉल्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेशंस आकर्षण रहे।

3 min read
Apr 15, 2026
जयपुर चैप्टर की लेडीज विंग की ओर से राष्ट्रीय महिला सम्मेलन (फोटो- पत्रिका)

Aarohan Empower Elevate Excel 2026: जयपुर: जेएलएन मार्ग स्थित एक होटल में मंगलवार को महिला सशक्तीकरण का जीवंत दृश्य देखने को मिला। जहां जीतो जयपुर चैप्टर की लेडीज विंग की ओर से राष्ट्रीय महिला सम्मेलन 'आरोहण एम्पावर एलीवेट एक्सेल' जोश और उत्साह के साथ आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में स्टॉल्स पर महिला उद्यमियों के प्रोडक्ट्स, हस्तशिल्प और लाइफस्टाइल ब्रांड्स को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही। 'जीतो जयपुर जंक्शन' में 'आर्टिजंस ऑफ राजस्थान-लाइव एंड लोकल' प्रदर्शनी ने स्थानीय कला और संस्कृति की झलक पेश की। कार्यक्रम में 1500 से अधिक विजिटर्स पहुंचे।

ये भी पढ़ें

Jaipur LPG Crisis: 25 दिन के बुकिंग नियम ने बढ़ाई मुश्किल, 15 से 20 दिन में खत्म हो रहा सिलेंडर, गृहिणियों ने निकाला नया रास्ता

पहले सत्र में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिला शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा और ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस कानून को लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहसिक पहल दिखाई है।

'फ्रॉम फेम टू फाउंडर' सत्र में नेहा मारड़ा ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में 'अनफिल्टर्ड' सत्र के बाद शाम को 'गुलाबी सुरों की उड़ान' में लोक गायन की प्रस्तुतियों ने माहौल को संगीतमय बना दिया। लोक गायिका रजनीगंधा शेखावत ने राजस्थानी गीतों की प्रस्तुति दी।

इस दौरान राजपूती पोशाक पहनकर आईं महिलाओं ने पारंपरिक 'घूमर' नृत्य किया। इस दौरान सोनाली दुगड़, शीतल दुगड़, सलोनी जैन एवं हितेश भांड़िया समेत देशभर से आईं महिला उद्यमी मौजूद भी रहीं।

सफलता से ज्यादा विफलता से बहुत कुछ सीखा : विक्रांत मैसी

एक सत्र में अभिनेता विक्रांत मैसी ने लेडीज विंग चेयरपर्सन मेघना जैन के सवालों के जवाब देते हुए अपने कॅरियर और निजी जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि टीवी सीरियल और फिल्मों में उन्हें सफलता और असफलता दोनों का सामना करना पड़ा, लेकिन विफलता से उन्होंने बहुत कुछ सीखा।

मैसी ने बताया कि जब पीएम मोदी और देश के बड़े नेताओं ने उनकी मूवी 'द साबरमती रिपोर्ट देखी और बड़े अवॉर्ड मिले तो लगा कि कॅरियर में काफी कुछ कमा लिया। अब कुछ समय अपने लिए और परिवार के साथ बिताना जरूरी है। अपने छोटे बच्चे के साथ समय बिताने के लिए उन्होंने फिल्मों से ब्रेक लिया। ओटीटी और बड़े पर्दे को लेकर कहा कि दोनों ने बहुत कुछ सिखाया है।

'जीवन में अपनी पहचान बनानी जरूरी'

कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री नीलम कोठारी ने भी शिरकत की। सत्र के दौरान उन्होंने अपने फिल्मी कॅरियर से लेकर बिजनेस तक के सफर पर चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में अपनी एक अलग पहचान बनाना बेहद जरूरी है।

नीलम ने बताया कि 40 फिल्मों के बाद उन्होंने अहम मोड़ लिया और अपने खानदानी जेम्स एवं ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़ गई। उन्होंने कहा कि बदलाव से डरने के बजाय उसे आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करना चाहिए।

ये भी पढ़ें

मोनालिसा भाग गई? राजस्थान के इस शख्स ने बताई पूरी सच्चाई, वीडियो जारी कर बताया असली नाम और धर्म
Published on:
15 Apr 2026 10:45 am
Also Read
View All