जयपुर

जयपुर की 10 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग: छत पर फंसे 8 लोग, बुजुर्ग महिला का क्रेन से हुआ रेस्क्यू, फ्लैट्स में थे करीब 200 लोग

जयपुर के श्यामनगर इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

2 min read
Mar 03, 2026
Jaipur Fire in 10 Storey Building 8 Trapped on Terrace Elderly Woman Rescued by Crane 200 Inside
छत पर फंसे 8 लोग, हाइड्रोलिक क्रेन से हुआ रेस्क्यू (फोटो- पत्रिका)

Jaipur News: राजधानी जयपुर के पॉश इलाके श्यामनगर में मंगलवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब 'अलौकिक स्वरूप रेजीडेंसी' नाम के 10 मंजिला अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। आग छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। अपार्टमेंट में उस समय करीब 200 लोग मौजूद थे, जिनकी जान पर बन आई।

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। छठी मंजिल पर रहने वाले कमल के फ्लैट में अचानक आग की लपटें उठीं। कमल और उनका परिवार तो फौरन बाहर निकल आया, लेकिन चंद मिनटों में ही पूरी बिल्डिंग काले धुएं के गुबार से भर गई। घबराए लोग अपने-अपने फ्लैट्स से निकलकर भागने लगे। सूचना मिलते ही श्यामनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

5वीं मंजिल तक कांच तोड़कर बनाया रास्ता

रेस्क्यू के दौरान अपार्टमेंट में धुआं इतना बढ़ गया था कि सांस लेना मुश्किल था। पुलिस कांस्टेबल अंकित और मुखराम ने जान जोखिम में डालकर पांचवीं मंजिल तक का सफर तय किया। उन्होंने खिड़कियों के शीशे तोड़े ताकि धुआं बाहर निकल सके और अंदर फंसे लोगों को ऑक्सीजन मिल सके। इस जांबाजी की वजह से अंदर फंसे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

छत पर फंसे 8 लोग, हाइड्रोलिक क्रेन से हुआ रेस्क्यू

सबसे चुनौतीपूर्ण स्थिति तब बनी जब दो परिवारों के 8 सदस्य, जिनमें एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल थीं, जान बचाने के लिए लिफ्ट से छत पर पहुंच गए। इसी बीच आग से बिजली की वायरिंग जल गई और लिफ्ट बंद हो गई। नीचे उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका था।

पुलिस ने तुरंत हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड (क्रेन) मंगवाई। चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग महिला और अन्य सात सदस्यों को क्रेन की मदद से छत से सुरक्षित नीचे उतारा गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

लाखों का नुकसान, टला बड़ा हादसा

आग की इस घटना में कमल का फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गया है और लाखों रुपए के घरेलू सामान के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते पुलिस और रेजीडेंसी गार्ड्स के रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Published on:
03 Mar 2026 02:04 pm