जयपुर

Jaipur: इलाज के लिए बाहर गया था परिवार, पीछे से फ्लैट पर किया कब्जा, किराए पर भी चढ़ाया, बजाज नगर थाना में शिकायत दर्ज

Jaipur Flat Encroachment Case: जयपुर के गोपालपुरा बायपास स्थित आदिनाथ रेजीडेंसी में फ्लैट पर कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाज के लिए बाहर गए परिवार की गैरमौजूदगी में फ्लैट पर कब्जा कर उसे किराए पर चढ़ा दिया गया। मामले में बजाज नगर थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
2 min read
Jul 26, 2026
Jaipur Flat Enroachment Case
AI Generated Photo

Jaipur Flat Encroachment: गोपालपुरा बायपास स्थित मुक्तानंद नगर की आदिनाथ रेजीडेंसी में एक व्यक्ति के फ्लैट पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। मामले में आरोप लगाया जा रहा है कि पीड़ित अपनी पत्नी के इलाज के लिए लंबे समय से जयपुर से बाहर था। इसी बात का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने पीछे से फ्लैट का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया और किराए पर भी चढ़ा दिया। मामले में जयदीप मिर्धा समेत अन्य लोगों के खिलाफ बजाज नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

2015 में खरीदा था फ्लैट

जोधपुर के सरदारपुरा के रहने वाले पारसमल सुराणा ने रिपोर्ट में बताया कि साल 2015 में उन्होंने अपने पुत्र मोहित सुराणा के नाम से आदिनाथ रेजीडेंसी में फ्लैट खरीदा था। पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए पूरा भुगतान बैंक चेक से किया गया और कब्जा भी मिल गया। परिवार जब भी जयपुर आता था, इसी फ्लैट में ठहरता था। आगे उन्होंने बताया कि फ्लैट में घरेलू सामान, फर्नीचर, सोने-चांदी के आभूषण तथा पूजा घर में चांदी की मूर्तियां और सिक्के रखे हुए थे।

फर्जी दस्तावेज से बनवाई पहचान

आरोप है कि जयदीप मिर्धा ने फर्जी और गैर-पंजीकृत इकरारनामा तैयार कर फ्लैट के पते पर बिजली कनेक्शन अपने नाम करवा लिया। इतना ही नहीं, सोसाइटी का मेंटेनेंस भी अपने नाम से जमा कराया, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य पहचान दस्तावेज तैयार करवाए तथा बैंक खाता भी खुलवा लिया। पीड़ित ने पूजा घर की चांदी की मूर्तियां और सिक्के, दो बेड, अलमारी, सोफा सेट, कीमती बर्तन तथा अन्य घरेलू सामान गायब होने की भी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वापस आए तो फ्लैट के अंदर मिले किराएदार

पीड़ित के अनुसार, जब वह अप्रैल में वापस आए तो उन्हें फ्लैट का ताला टूटा मिला। उन्होंने बताया कि अंदर नरेंद्र सैनी नाम का युवक मिला। उसने खुद को किराएदार बताया और कहा कि उसने यह फ्लैट जयदीप मिर्धा से किराये पर लिया है। जब पीड़ित ने इस बात का विरोध किया तो उसे अपने ही फ्लैट में अंदर घुसने तक नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, उसे धमकाया भी गया।

Updated on:
26 Jul 2026 04:30 pm
Published on:
26 Jul 2026 04:20 pm
Also Read
View All
CCTV : राजस्थान पुलिस के ‘गढ़’ के सामने ज्वेलर्स शोरूम लूट की कोशिश, मुस्तैद गार्ड्स और सायरन से उलटे पांव भागे बदमाश

सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद जेडीए का एक्शन, अवैध रिजॉर्ट-रेस्टोरेंट समेत कई प्रतिष्ठानों को नोटिस, अब सीलिंग-ध्वस्तीकरण की तैयारी

जयपुर में 46 वर्षीय चरवाहे की हत्या, सिर पर गहरे चोट के निशान मिले, पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया

Rajasthan : प्रदेश को 144 बसों का मिला तोहफा, सीएम भजनलाल बोले- पहली बार राजस्थान रोडवेज प्रॉफिट में आई

Rajasthan Politics : ‘राहुल जयपुर आएं, पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा पर FIR कराएं’, पेपर लीक विवाद पर अब BJP का पलटवार