जयपुर

Jaipur : जर्जर मकान तोड़ते समय मिला करोड़ों का खजाना, मजदूर ने साथियों संग बांटा, 10 माह बाद खुली पोल, 5 गिरफ्तार

Jaipur Treasury : जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में एक पुराने मकान को तोड़ते समय मिले कथित खजाने को मजदूर और उसके साथियों ने बांट लिया। करीब 10 माह बाद माणकचौक थाना पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
2 min read
Jaipur home found treasure laborer shares friend secret revealed 5 arrested
Jaipur : गिरफ्तार 5 आरोपियों के संग माणकचौक थाना पुलिस। फोटो पत्रिका

Jaipur Treasury : जयपुर के त्रिपोलिया बाजार के विद्याधर का रास्ता स्थित पुराने मकान को तोड़ते समय मिले कथित खजाने ने मजदूर और उसके साथियों की नीयत बदल दी। आरोप है कि मकान की तुड़ाई के दौरान मिली चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्के और हजारों पुराने चांदी के सिक्कों की जानकारी मकान मालिक को देने के बजाय मजदूर ने साथियों के साथ मिलकर माल आपस में बांट लिया। करीब 10 महीने बाद माणकचौक थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 66.400 किलो चांदी बरामद की हैं। बाकी संपत्ति की बरामदगी और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है।

तुड़ाई के दौरान मिला था खजाना

डीसीपी (नॉर्थ) जयपुर करन शर्मा ने बताया कि विद्याधर का रास्ता, त्रिपोलिया बाजार स्थित मकान नंबर 630 को तोड़कर नया निर्माण करने के लिए ठेका दिया गया था। 15 जुलाई 2026 को इस संबंध में माणकचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मकान की तुड़ाई के दौरान मजदूर महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू को मलबे और निर्माण के बीच छिपी संपत्ति मिली। आरोप है कि उसने मकान मालिक को इसकी जानकारी नहीं दी और साथियों के साथ मिलकर उसे खुर्द-बुर्द कर दिया।

40-45 किलो चांदी की सिल्लियां और पुराने सिक्के

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों को तुड़ाई के दौरान करीब 10 से 15 चांदी की सिल्लियां, जिनका वजन लगभग 40 से 45 किलो बताया जा रहा है, तथा पुराने सोने-चांदी के सिक्के मिले थे। इसके अलावा करीब 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के और अन्य संपत्ति मिलने का भी दावा किया गया है। इसकी कीमत करोड़ में होने की संभावना है। पुलिस के अनुसार महेश ने अपने साथियों अनुज, जगदीश, रजनी, रोशन और पप्पू के साथ मिलकर इस संपत्ति को आपस में बांट लिया।

खजाना मिलने के बाद बदल गई थी लाइफ स्टाइल

पुलिस को जांच के दौरान आरोपियों की गतिविधियों और आर्थिक स्थिति में अचानक बदलाव ने भी चौंकाया। सामान्य मजदूरी करने वाले आरोपियों के रहन-सहन और खर्च करने के तरीके में बदलाव आया था। पुलिस ने इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।

सीसीटीवी नहीं, फिर भी कड़ियां जोड़ती गई पुलिस

वारदात करीब 10 महीने पुरानी होने के कारण तत्कालीन सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं था और मकान भी पूरी तरह गिराया जा चुका था। ऐसे में माणकचौक थाना पुलिस और डीएसटी जयपुर उत्तर की टीम ने तकनीकी जांच, सीडीआर, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों को जांच का आधार बनाया। मोबाइल रिकॉर्ड और घटना के बाद आरोपियों की जयपुर व आसपास की गतिविधियों की पड़ताल की गई। आर्थिक स्थिति में आए बदलाव की जानकारी जुटाई गई और कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस 5 आरोपियों तक पहुंची।

पांच आरोपी गिरफ्तार

आरोपी महेश मल्होत्रा (46 वर्ष), जगदीश राजोरिया (51 वर्ष), ओमप्रकाश खीची उर्फ पप्पू (54 वर्ष), रजनी मल्होत्रा (36 वर्ष) मंडी खटीकान रामगंज, अनुज अरोड़ा (28 वर्ष) लक्ष्मीनारायणपुरी रामगंज का रहने वाला है। पुलिस ने उनके कब्जे से 66.400 किलो चांदी बरामद कर ली।

Updated on:
08 Aug 2026 10:29 pm
Published on:
08 Aug 2026 10:02 pm