जयपुर

Jaipur: पावणे पधारे म्हारै जैपुर…स्मारकों से बाजार तक पर्यटकों से गुलजार, पर्यटन का चढ़ा रंग

जयपुर। राजधानी में नववर्ष से पहले पर्यटन का रंग चढ़ चुका है। हवामहल से नेहरू बाजार तक, आमेर से बापू बाजार तक हर कोना सैलानियों से गुलजार है। शनिवार को ही 58 हजार से ज्यादा पर्यटक शहर पहुंचे।
2 min read
Dec 28, 2025
जलमहल की पाल पर पर्यटकों की भीड़, पत्रिका फोटो

जयपुर। राजधानी में नववर्ष से पहले पर्यटन का रंग चढ़ चुका है। हवामहल से नेहरू बाजार तक, आमेर से बापू बाजार तक हर कोना सैलानियों से गुलजार है। शनिवार को ही 58 हजार से ज्यादा पर्यटक शहर पहुंचे। परकोटा क्षेत्र में यातायात डायवर्जन से चौपड़ें खुलीं और बाजारों की रौनक लौट आई। रविवार को भी शहर पर्यटकों से गुलजार रहेगा।

पर्यटकों को परेशानी न हो इसके लिए यातायात पुलिस ने चारदीवारी के बाजारों में ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा का प्रवेश रोक दिया। व्यापारियों ने पर्यटकों की भीड़ देखते हुए विशेष तैयारी की। बाजार में ग्राहकी भी डेढ़ से दो गुना बढ़ गई है, खासकर जौहरी बाजार, बापू बाजार, हवामहल, सिरहड्योढ़ी बाजार और नेहरू बाजार गुलजार हैं।

सैलानियों का स्वागत सत्कार

आमेर महल, नाहरगढ़, जयगढ़, हवामहल, जंतर-मंतर और सिटी पैलेस जैसे प्रमुख पर्यटक स्थल देसी और विदेशी पर्यटकों से गुलजार रहे। वहीं होटलों में सैलानियों का राजस्थानी अंदाज में स्वागत सत्कार किया गया।

लाइटिंग से सजे बाजार

नेहरू बाजार व्यापार मंडल उपाध्यक्ष कपिल भाटिया ने बताया कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर व्यापारियों ने लाइटिंग की है। बापू बाजार व्यापार मंडल महामंत्री विक्की चेलानी ने बताया कि दिसंबर के आखिरी 10 दिन बाजार में दो गुना तक ग्राहकी बढ़ जाती है।

कहां कितने पर्यटक पहुंचे

  • आमेर महल- 18938
  • हवामहल - 15660
  • जंतर-मंतर- 13570
  • अल्बर्ट हॉल- 9822

डायवर्जन से चौपड़ें खुलीं, पर्यटकों को राहत

यातायात डायवर्जन का असर परकोटा क्षेत्र में दिखाई दिया। बड़ी चौपड़ और छोटी चौपड़ खुली-खुली दिखाई दीं। सड़कों पर पहले जैसी अव्यवस्था और जाम का नजारा नहीं दिखा। न सिर्फ पर्यटकों, बल्कि स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है।

पर्यटक थाना पुलिस ने लपकों और जेबकतरों पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान छेड़ा है। पर्यटक थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि दिसंबर महीने में अब तक 33 लपकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस माइक से लगातार एनाउंसमेंट भी कर रही है।

पुलिस और पर्यटन विभाग की ये भी सलाह

  • अधिकृत या आरटीडीसी होटलों में ही ठहरें।
  • टूरिस्ट सूचना केंद्र से ही कोई भी आधिकारिक जानकारी प्राप्त करें।
  • यात्रा के लिए प्री-पेड ऑटो या अधिकृत टैक्सी का ही चुनाव करें।
  • खरीदारी करते समय हमेशा पक्का बिल जरूर लें।
  • अजनबियों के सुझाव पर ठहरने या घूमने जाने से बचें।
  • फ्री राइड या सस्ते होटलों के झांसे में न आएं।
Updated on:
28 Dec 2025 01:00 pm
Published on:
28 Dec 2025 09:24 am