
Jaipur Kalwar Road: कालवाड़ रोड को 160 फीट चौड़ा करने की तैयारी के बीच सोमवार को जेडीए ने कार्रवाई शुरू कर दी। कालवाड़ बाइपास से गोविंदपुरा बस स्टैंड चौराहे तक करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र में सड़क की प्रस्तावित सीमा का डिमार्केशन किया गया। जेडीए की छह टीमों ने सड़क के दोनों ओर नाप-जोख कर दुकानों और अन्य निर्माणों पर लाल निशान लगाए। सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण भी चिह्नित किए गए। निशान लगते ही व्यापारियों में खलबली मच गई।
जेडीए की छह टीमों ने कालवाड़ बाइपास से रावण गेट, नौ दुकान करधनी होते हुए गोविंदपुरा बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर नाप-जोख की औश्र सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों पर लाल निशान लगाए गए।
जेडीए की टीमें जैसे-जैसे दुकानों और प्रतिष्ठानों पर निशान लगाती आगे बढ़ीं, व्यापारियों में चिंता बढ़ती गई। सड़क सीमा में कई व्यापारिक प्रतिष्ठान और अन्य निर्माण आ रहे हैं। अधिकारियों ने दुकानदारों से इन्हें स्वेच्छा से हटाने की अपील की।
कार्रवाई के दौरान तकिया की चौकी और गोविंदपुरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जेडीए आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने सड़क सीमा में आ रहे निर्माण स्वेच्छा से हटाने के लिए डेढ़ से दो माह का समय मांगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष कन्हैयालाल लाल यादव ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण क्षेत्र के विकास और आवागमन के लिए जरूरी है, लेकिन प्रतिष्ठानों के टूटने से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होगा। इसलिए निर्माण हटाने के लिए उचित समय मिलना चाहिए।
डिमार्केशन करने वाली टीमों में उपायुक्त, तहसीलदार, सहायक नगर नियोजक, प्रवर्तन अधिकारी और पटवारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होगा।
कालवाड़ रोड 160 फीट चौड़ी होने से जयपुर शहर और जयपुर-फलौदी मेगा हाईवे की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि चौड़ीकरण से अतिक्रमण की समस्या दूर होगी और जाम से निजात मिलेगी। जेडीए दूसरे चरण में हाथोज-किशोरपुरा रोड को चौड़ा करने की योजना पर भी काम कर रहा है।