जयपुर

Indian Railway News: राजस्थान से ठेठ पश्चिम बंगाल तक, बहुत काम की है ये नई खातीपुरा–संतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन, जानिए रूट और शेड्यूल

Khatipura Santragachi Express: जयपुर के खातीपुरा से संतरागाछी तक नई वीकली एक्सप्रेस ट्रेन शुरू। 26 अक्टूबर 2026 से इनॉग्रल रन, राजस्थान से बंगाल, झारखंड व यूपी के बीच बेहतर कनेक्टिविटी।
3 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 12:00 PM IST
jaipur khatipura santragachi express train launched connectivity details
Khatipura to Santragachi Express train

राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे की ओर से एक अच्छी और राहत भरी खबर है। राजधानी जयपुर से पूर्वी भारत के राज्यों को जोड़ने के लिए एक नई सीधी रेल सेवा खातीपुरा (जयपुर)–टाटानगर–संतरागाछी (हावड़ा/कोलकाता) नई एक्सप्रेस ट्रेन का आगाज आज 26 अक्टूबर से हो रहा है। यह नई वीकली एक्सप्रेस ट्रेन राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल- इन 4 प्रमुख राज्यों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने और यात्रियों को सुगम आवागमन सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

इस नई रेल सेवा के शुरू होने से न केवल आम यात्रियों और प्रवासी कर्मचारियों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि राजस्थान के हस्तशिल्प, व्यापार, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र को भी एक नया आयाम मिलेगा। जयपुर के आधुनिक सेटेलाइट रेलवे स्टेशन खातीपुरा से चलने वाली यह ट्रेन आधुनिक LHB (Linke Hofmann Busch) कोचों से लैस है, जिससे यात्रियों का सफर आरामदायक और पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।

जानिए ट्रेन नंबर और नियमित संचालन का पूरा टाइमटेबल

भारतीय रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस ट्रेन के इनॉग्रल स्पेशल रन के बाद जल्द ही इसका नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। ट्रेन के आधिकारिक नंबर और समय-सारणी इस प्रकार है:

ट्रेन नंबर: 18061 (संतरागाछी से खातीपुरा, जयपुर) और 18062 (खातीपुरा, जयपुर से संतरागाछी)।

इनॉग्रल रन स्पेशल नंबर: 08181 (टाटानगर से खातीपुरा) और 09701 (खातीपुरा से संतरागाछी)।

नियमित वीकली टाइमटेबल:

ट्रेन नंबर 18061 (संतरागाछी से खातीपुरा): यह ट्रेन हर बुधवार दोपहर 02:15 बजे संतरागाछी (पश्चिम बंगाल) से रवाना होगी और अगले दिन यानी गुरुवार रात 11:00 बजे खातीपुरा (जयपुर) पहुंचेगी।

ट्रेन नंबर 18062 (खातीपुरा से संतरागाछी): वापसी में यह ट्रेन हर शुक्रवार सुबह 09:20 बजे खातीपुरा (जयपुर) से रवाना होकर शनिवार दोपहर 03:05 बजे संतरागाछी पहुंचेगी।

4 राज्यों के प्रमुख शहरों को जोड़ेगा यह रूट: जानिए ठहराव

यह नई रेल सेवा भारत के पश्चिमी कॉरिडोर को सीधे पूर्वी औद्योगिक और सांस्कृतिक केंद्रों से जोड़ेगी। रास्ते में यह ट्रेन पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख रेलवे जंक्शनों और स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे लाखों यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा:

राजस्थान: खातीपुरा (जयपुर), दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुआ रोड और खेड़ली।

उत्तर प्रदेश: ईदगाह आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU) और सासाराम।

झारखंड: गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची, मुरी, पुरुलिया, चांडिल और टाटानगर।

पश्चिम बंगाल: खड़गपुर और संतरागाछी।

व्यापार, पर्यटन और प्रवासियों के लिए क्यों खास है यह ट्रेन?

राजस्थान में बड़ी संख्या में पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के व्यवसायी, छात्र और श्रमिक रहते हैं। इसके अलावा जयपुर, खातीपुरा, दौसा और बांदीकुई क्षेत्र के लोग व्यापार व धार्मिक यात्राओं के लिए रांची, टाटा और कोलकाता जाते हैं। अब तक सीधे रेल संपर्क सीमित होने के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता था या भारी भीड़ का सामना करना पड़ता था।

इस नई एक्सप्रेस ट्रेन के शुरू होने से जयपुर का सीधा संपर्क झारखंड के इस्पात नगर टाटानगर और राजधानी रांची से हो गया है। साथ ही कोलकाता जाने वाले यात्रियों को संतरागाछी के रूप में एक बेहतरीन विकल्प मिल गया है। इस ट्रेन से राजस्थान के पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा क्योंकि पूर्वी भारत के पर्यटक अब आसानी से जयपुर, आमेर और दौसा-बांदीकुई के ऐतिहासिक स्थलों तक सीधे पहुंच सकेंगे।

खातीपुरा रेलवे स्टेशन की बढ़ी उपयोगिता

जयपुर शहर के मुख्य जयपुर जंक्शन पर लगातार बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के लिए रेलवे प्रशासन ने खातीपुरा को एक बड़े सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया है। खातीपुरा स्टेशन से संतरागाछी जैसी लंबी दूरी की प्रतिष्ठित एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू होने से स्टेशन की महत्ता काफी बढ़ गई है।

आसपास के इलाकों जैसे जगतपुरा, मालवीय नगर, सांगानेर और राजापार्क के निवासियों को अब लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए जयपुर जंक्शन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में खातीपुरा स्टेशन से कुछ और नई ट्रेनों का संचालन शुरू करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

Updated on:
26 Oct 2026, 12:00 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Public Ka Panna: दिवाली के सीजन में जयपुर के बाजारों में गंदा पानी, दुकानदार परेशान; कॉलोनियों में भी हाल बेहाल

राजस्थान में 150 यूनिट से कम बिजली खर्च करने वालों के लिए बड़ा एलान, घर की छत पर मुफ्त लगेगा सोलर रूफटॉप

Rajasthan Politics: ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बयान पर राजस्थान में भी सियासी बवाल, ‘भड़की’ BJP – जानिए सीएम भजनलाल क्या बोले? 

राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में बागियों से BJP-कांग्रेस की बढ़ी चिंता, टिकट कटने से नाराज नेता बिगाड़ेंगे समीकरण?

Rajasthan Panchayat Election Result: कहीं 7वीं बार सरपंच बनीं पत्नी, कहीं 4 वोट से हारा दामाद; पंचायत चुनाव में नेताओं के परिवारों का क्या रहा हाल?