जयपुर

Jaipur News : अचानक इटली के ‘टावर ऑफ पीसा’ जैसी झुक गई तीन मंज़िला इमारत, देखकर हर कोई हैरान, जानें अब क्या होगा?

Jaipur News: जयपुर के बांस बदनपुरा में 30 गज का तीन मंजिला मकान झुका। इटली के पीसा की मीनार जैसा नजारा दिखने से मचा हड़कंप। नगर निगम ने 40 किरायेदारों को निकालकर जारी किया नोटिस।
3 min read
Aug 07, 2026
jaipur leaning house 30 yard building tilted mansarovar bas badanpura 2026
3 मंजिला मकान झुकने से अफरा-तफरी।

राजस्थान की राजधानी जयपुर की एक तीन मंज़िला इमारत इन दिनों चर्चा में है, जिसकी वजह बन रहा है इसका झुकाव। दरअसल, बांस बदनपुरा स्थित मोहल्ला टिक्कीगरान में महज 30 गज में बनी इमारत अचानक एक तरफ झुकती चली जा रही है। अब ये इमारत ठीक इस तरह से झुक गई है जैसे इटली का विश्व प्रसिद्ध 'पीसा की मीनार' की बनावट है। गंभीर बात ये है कि जयपुर की इस इमारत में दोनों तरफ गहरी दरारें आ गईं, हैं जिससे मकान कभी भी ढहने की कगार पर पहुंच गया। इस मकान में करीब 40 किरायेदार रह रहे थे, जिन्हें पुलिस, सिविल डिफेंस और नगर निगम की टीम ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास की 3 गलियों को बैरिकेडिंग करके पूरी तरह बंद कर दिया है और मकान मालिक को 24 घंटे के भीतर जर्जर ढांचे को ध्वस्त करने का नोटिस थमा दिया है।

महज 30 गज का प्लॉट, खड़ा 3 मंजिला ढांचा

जयपुर के परकोटा और उससे सटे बांस बदनपुरा इलाके में पुरानी और जर्जर इमारतों को लेकर सुरक्षा पर सवाल उठते रहे हैं। मोहल्ला टिक्कीगरान में करीब 30 गज के छोटे से भूखंड पर तीन मंजिला मकान बना हुआ था।

गुरुवार को अचानक इस मकान की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं और मकान आगे की ओर झुक गया। स्थानीय लोगों ने जब मकान को खतरनाक तरीके से झुकते देखा तो तुरंत पुलिस और नगर निगम के कंट्रोल रूम को सूचना दी।

40 किरायेदारों को निकाला, मालकिन का अलग दावा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम और नगर निगम की विजिलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और सिविल डिफेंस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए इमारत के अंदर मौजूद सभी लोगों को बिना किसी देरी के बाहर निकाला।

पड़ोसियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस जर्जर इमारत में 40 से अधिक किरायेदार रह रहे थे, जिनकी जान सीधे तौर पर खतरे में डाल दी गई थी।

मकान मालकिन रेहना सुल्ताना ने स्थानीय लोगों के दावों को खारिज करते हुए कहा कि इमारत में केवल 5 से 6 किरायेदार ही रह रहे थे।

आसपास की 3 गलियां सील, 24 घंटे का अल्टीमेटम

पुलिस और प्रशासन ने हादसे की आशंका को देखते हुए सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि इमारत का संतुलन पूरी तरह बिगड़ चुका है और यह कभी भी गिर सकती है। इसी वजह से आसपास की तीनों गलियों को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है ताकि किसी भी आम नागरिक की आवाजाही वहां न हो सके।

वहीं नगर निगम ने मकान मालिक को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया है कि 24 घंटे के भीतर किसी स्ट्रक्चरल एक्सपर्ट और विशेषज्ञ की निगरानी में इस जर्जर इमारत को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कराया जाए।

इटली के 'पीसा की मीनार' से हो रही तुलना

इस घटना के बाद जयपुर में यह इमारत चर्चा का विषय बन गई है। इटली के पीसा शहर में स्थित 'पीसा की मीनार' (Leaning Tower of Pisa) अपनी 4 डिग्री झुकी हुई बनावट की वजह से दुनिया भर में मशहूर है और 800 से अधिक सालों से सुरक्षित खड़ी है।

हालांकि, जयपुर के बांस बदनपुरा में झुका यह 3 मंजिला मकान किसी इंजीनियरिंग का चमत्कार नहीं बल्कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में बने जर्जर और अवैध निर्माण का खतरनाक उदाहरण है, जो किसी भी वक्त बड़े हादसे की वजह बन सकता था।

जर्जर मकानों पर ढिलाई को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय निवासी अब्दुल लतीफ सहित अन्य लोगों ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस भवन की हालत लंबे समय से अत्यंत जर्जर थी और प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पुराने शहर में इस तरह के दर्जनों जर्जर मकान हैं जहां सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर बड़ी संख्या में किरायेदारों को रखा जाता है। अगर समय रहते नगर निगम ऐसी इमारतों का ऑडिट नहीं करेगा तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

Updated on:
07 Aug 2026 02:26 pm
Published on:
07 Aug 2026 02:21 pm