जयपुर

Jaipur Accident : घर के बाहर बैठी महिला को वैन ने कुचला, हुई मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Jaipur Van Accident : जयपुर के महेश नगर इलाके में घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला को वैन ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई।
2 min read
Apr 09, 2026
jaipur van accident
फोटो-सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनशॉट

जयपुर। शहर के महेश नगर इलाके में घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला को वैन ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को एसएमएस अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद वैन चालक कुछ दूरी पर वैन को छोड़कर फरार हो गया। हादसे का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

पुलिस के मुताबिक मृतका कलावती गुर्जर (63) चौधरी कॉलोनी की रहने वाली थी। सांस लेने में तकलीफ होने की वजह से वह घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान बेकाबू वैन ने उन्हें कुचल दिया। घटना के समय पास में एक मजदूर भी काम कर रहा था। वैन को आता देखकर वह पीछे हट गया वरना वह भी हादसे का शिकार हो सकता था। पुलिस ने वैन को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश जारी है।

एक महीने पहले हुई थी पति की मौत

परिवार के लिए यह हादसा किसी गहरे सदमे से कम नहीं है। एक महीने पहले ही घर के मुखिया को खोने के बाद अब मां के जाने से दो बेटों महेश और गोविन्दा के सिर से साया उठ गया। मोहल्ले में भी घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। कलावती के पति हनुमान सहाय का एक महीने पहले ही बीमारी से निधन हो गया था। हनुमान सहाय राजस्थान यूनिवर्सिटी में बागवान थे।

परिजनों का आरोप, नाबालिग चला रहे थे गाड़ी

मृतका के बेटे गोविन्दा ने आरोप लगाया कि मेरी मां पर जानबूझकर गाड़ी चढ़ाई है। गाड़ी में दो नाबालिग बैठे हुए थे। इनके गाड़ी चलाने को लेकर पहले भी इनके पिता को बताया था। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों को पकड़ने की बजाय पुलिस वाले यह कहकर चले गए कि हम दो दिन बाद आएंगे।

वैन छोड़कर भागता दिख रहा है चालक

घटना के बाद वारदात का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पहले टक्कर मारते हुए और कुछ दूर जाने के बाद वैन को खड़ा करके चालक भागता हुआ दिखाई दे रहा है।

Updated on:
09 Apr 2026 08:06 pm
Published on:
09 Apr 2026 08:06 pm