
मृतक भरत रूणेचा: फोटो पत्रिका नेटवर्क
पाली। पाली जिले में करंट लगने से दो हादसे हो गए। जैतारण में एक किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। किशोर को परिजन जैतारण के राजकीय चिकित्सालय लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार कर उसे जोधपुर रेफर कर दिया, लेकिन बीच रास्ते में दम टूट गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया।
बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया। भरत ने पिछले साल 10वीं में जिले में टॉप किया था। इस साल भी वो क्लास में फर्स्ट आया था। पिता ऑटो चालक हैं। परिवार को अपने होनहार बेटे से बड़ी उम्मीदें थी, लेकिन करंट ने उनके सपनों को तोड़ दिया।
थानाधिकारी रामाकिशन ने बताया कि जैतारण निवासी भरत रूणेचा (16) पुत्र नंदकिशोर रूणेचा के घर के बाहर विद्युत पोल से करंट लग गया। उसे घायल अवस्था में जैतारण के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया।
किशोर की मौत के बाद शव जैतारण की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। भरत रूणेचा ने 2024-25 में 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। निजी विद्यालय प्रबंधन की घोषणा के अनुसार उसे कार भी गिफ्ट की गई थी।
उधर, तखतगढ़ कस्बे के एनएच-325 स्थित जालोर रोड मुख्य चौराहे पर डिवाइडर पर लगे विद्युत पोल में फैले करंट की चपेट में आने से एक नंदी की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विद्युत पोल के पास बिजली की केबल खुली हुई थी, जिससे पूरे पोल में करंट आ गया। जैसे ही नंदी पोल के संपर्क में आया, उसे जोरदार झटका लगा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद नगरपालिका के लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पोल में करंट की शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
सूचना पर थानाधिकारी शैतानसिंह सारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। गौ रक्षक फोर्स की टीम ने मृत नंदी को एम्बुलेंस की सहायता से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।
Published on:
09 Apr 2026 02:23 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
