
Jaipur YouTuber Arrested: राजधानी जयपुर में प्रतापनगर थाना पुलिस ने यूट्यूब चैनल पर खबर चलाने और पुलिस में शिकायत कर जेल भिजवाने का डर दिखाकर अवैध वसूली करने के मामले में एक यूट्यूबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल सक्सेना (42) सुल्तानपुरी कॉलोनी, नई दिल्ली का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, परिवादिया ने 21 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह देशी शराब के ठेके से संबंधित कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। कुछ समय पहले राहुल सक्सेना नाम के व्यक्ति ने खुद को यूट्यूबर बताकर उससे प्रतिमाह 2000 रुपए की मांग की। रुपए नहीं देने पर यूट्यूब चैनल पर खबर चलाने और उसे बर्बाद करने की धमकी दी। आरोपी की लगातार डराने-धमकाने की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता और उसके परिजनों ने अलग-अलग तारीखों में फोन-पे के जरिए उसे 500 से 2000 रुपए तक की राशि ट्रांसफर की।
जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल सक्सेना वर्ष 2020-21 के दौरान प्रतापनगर, जयपुर में किराए पर रहता था। उस समय भी पीड़िता अवैध शराब की बिक्री करती थी। आरोपी ने उसका वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना देने और जेल भिजवाने की धमकी दी। इसके बाद वह उससे प्रतिमाह 1500 रुपए वसूलने लगा।
वर्ष 2021 के बाद आरोपी दिल्ली जाकर रहने लगा, लेकिन इसके बावजूद वह फोन के जरिए पीड़िता और उसके बेटे को लगातार डराकर अवैध वसूली करता रहा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल सक्सेना को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
जयपुर शहर में कारों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मानसरोवर थाना इलाके में अज्ञात चोर कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा बैग चोरी कर ले गए। बैग में दो लैपटॉप, मोबाइल, 53 हजार रुपए नकद और अन्य कीमती सामान रखा था। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, स्वेज फार्म, रामनगर निवासी कमलेश कुमार लक्षकार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी कार में रखा बैग अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। बैग में आईटीसी कंपनी के दो लैपटॉप, दो चार्जर, एक मोबाइल और पर्स में रखे 5 हजार रुपए थे। इसके अलावा बैग में दो डेबिट कार्ड, चार ड्राइविंग लाइसेंस, एक क्रेडिट कार्ड, दो पावर बैंक और ईयरबड्स भी रखे थे। चोर बैग में रखे 53 हजार रुपए नकद भी ले गए।