जयपुर

Jaipur SUV Accident: जयपुर में काली एसयूवी ने स्कूटी सवार महिला को उड़ाया, सीसीटीवी वीडियो हुआ वायरल

Jaipur SUV Accident: राजधानी जयपुर में मंगलवार को एक काली एसयूवी का कहर देखने को मिला। तेज रफ्तार ब्लैक गाड़ी ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला करीब 20 से 25 फीट तक गाड़ी के साथ घिसटती चली गई
2 min read
May 05, 2026
Jaipur Thar Video
हादसे का सीसीटीवी फुटेज (फोटो-सोशल मीडिया)

जयपुर। मानसरोवर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ब्लैक एसयूवी ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला करीब 20 से 25 फीट तक गाड़ी के साथ घिसटती चली गई और बोनट के आगे वाले टायर के नीचे फंस गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

हादसा विजय पथ स्थित एसबीआई बैंक के सामने सुबह करीब 11:36 बजे हुआ। घायल महिला की पहचान 35 वर्षीय नेहा श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो मानसरोवर की निवासी है। जानकारी के अनुसार, वह स्कूटी से घर से बाहर निकली थी और बाजार की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन ने उन्हें कुछ दूरी तक घसीट लिया।

यहां देखें वीडियो :

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। महिला वाहन के अगले पहिये के नीचे फंसी हुई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को पीछे कर महिला को बाहर निकाला गया और जल्दबाजी में ई-रिक्शा के जरिए साकेत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है। बताया जा रहा है कि महिला के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

मौके से थार सवार फरार

महिला के देवर ने बताया कि वह हादसे के समय पीछे ही आ रहे थे और उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। उनका आरोप है कि चालक पहले वाहन से उतरा, स्थिति देखी, लेकिन फिर वापस बैठ गया। बाद में मौके का फायदा उठाकर वाहन चालक अपने साथी के साथ फरार हो गया।

पहले भी ओवरस्पीडिंग का हो चुका है चालान

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, संबंधित एसयूवी पर पहले भी ओवरस्पीडिंग के चालान दर्ज हैं। मामले में परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

Updated on:
05 May 2026 06:43 pm
Published on:
05 May 2026 06:27 pm