जयपुर

जयपुर की मुहाना मंडी में वारदात: खुले में लघुशंका करने से टोका तो फल विक्रेता पर हमला, दुकान में घुसकर फोड़ा सिर

Jaipur Muhana Mandi: जयपुर की मुहाना मंडी में दुकान के बाहर खुले में लघुशंका करने से टोकने पर एक युवक ने फल विक्रेता पर हमला कर दिया। नाराज युवक अपने चार-पांच साथियों के साथ लौटा और दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
2 min read
Jun 24, 2026
Jaipur Muhana Mandi Clash
दुकान के बाहर पहुंचे नकाबपोश और डंडे से हमला किया (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Jaipur Muhana Mandi Clash News: जयपुर: जयपुर की मुहाना मंडी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सिर्फ खुले में पेशाब करने से रोकने पर कुछ बदमाशों ने एक फल विक्रेता पर जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।

मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद

बता दें कि घटना मंगलवार सुबह की है। मुहाना मंडी में एडवोकेट विनय सिंह की फल की एक दुकान है। सुबह के समय एक अनजान युवक दुकान के ठीक बाहर खुले में पेशाब (लघुशंका) कर रहा था। दुकान पर मौजूद लोगों ने जब उसे वहां गंदगी करने से मना किया और टोका, तो वह युवक भड़क गया। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और दुकानदारों को जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से चला गया।

लाठी-डंडों के साथ दुकान में हमला

वह युवक शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद वह अपने साथ लाठी-डंडों से लैस 4-5 लड़कों को लेकर वापस लौटा। बदमाशों ने आते ही दुकान पर धावा बोल दिया। मुख्य आरोपी दुकान के अंदर घुस गया और वहां मौजूद बलवीर सिंह पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। इस खूनी हमले में बलवीर सिंह का सिर फट गया और वे बुरी तरह लहूलुहान हो गए।

व्यापारियों ने दिखाई हिम्मत, मुख्य आरोपी दबोचा

दुकान के अंदर मची चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर आसपास के अन्य व्यापारी तुरंत बीच-बचाव के लिए दौड़े। व्यापारियों की भारी भीड़ को अपनी तरफ आते देख हमलावर घबरा गए। बाकी बदमाश तो मौके से भागने में कामयाब रहे, लेकिन वहां मौजूद दुकानदारों ने गजब की हिम्मत दिखाई और घेराबंदी करके मुख्य आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान 24 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो वृंदावन विहार (कपूरवाला) का रहने वाला है। व्यापारियों ने आरोपी राहुल को पकड़कर मुहाना थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत भी सौंप दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर फरार चल रहे बाकी आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Published on:
24 Jun 2026 07:19 am