
Rajasthan Best Monsoon Tourist Destinations (Patrika Creative Photo)
Rajasthan Best Monsoon Tourist Destinations: मानसून के दस्तक देते ही राजस्थान की रेतीली धरती का रूप बदल जाता है। बारिश की बूंदें गिरते ही यहां की वादियों में हरियाली छा जाती है और अरावली की पहाड़ियां बादलों से घिर जाती हैं। मानसून के दौरान राजस्थान के ऐतिहासिक महलों, झीलों और झरनों का नजारा इतना मनमोहक हो जाता है कि देश-विदेश से पर्यटक इस प्राकृतिक सौंदर्य को देखने आते हैं।
राजस्थान में इस बार दक्षिण-पश्चिमी मानसून को लेकर मौसम विभाग का नया अपडेट आया है। अल-नीनो के सक्रिय होने के कारण अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं, जिससे मानसून की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। ऐसे में प्रदेश में इस साल मानसून अपने तय समय से करीब एक महीने की देरी से प्रवेश कर सकता है। मौसम केंद्र दिल्ली के अनुसार, अल-नीनो के इस प्रभाव के चलते जुलाई से सितंबर के दौरान राजस्थान में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है।
अगर आप भी इस मानसून के दौरान किसी खूबसूरत और यादगार ट्रिप पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो राजस्थान के ये आठ पर्यटन स्थल आपके लिए सबसे बेहतरीन साबित होंगे। आइए जानते हैं इन जगहों की खासियत।
'झीलों की नगरी' के नाम से मशहूर उदयपुर मानसून में अपनी सबसे खूबसूरत छटा बिखेरता है। बारिश के मौसम में फतेहसागर और पिछोला झील का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे इनका सौंदर्य दोगुना हो जाता है।
अरावली की पहाड़ियों पर स्थित सज्जनगढ़ फोर्ट को खासतौर पर मानसून के बादलों का दीदार करने के लिए बनाया गया था। यहां से बारिश से भीगे उदयपुर शहर, धुंध से ढके पहाड़ों और चमकती झीलों का नजारा किसी सपने जैसा लगता है।
राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू मानसून के दौरान किसी जन्नत से कम नहीं लगता। बारिश के दिनों में यहां का तापमान कम हो जाता है और चारों तरफ गहरी धुंध और ठंडी हवाएं चलने लगती हैं।
नक्की झील में बोटिंग करते हुए चारों तरफ की हरी-भरी वादियों को देखना सुखद अहसास देता है। वहीं, राजस्थान की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर से बादलों को अपने बेहद करीब से गुजरते हुए देखना प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अनोखा अनुभव है।
कुंभलगढ़ किला मानसून में बेहद भव्य और आकर्षक नजर आता है। बारिश के बाद जब अरावली के घने जंगल और पहाड़ियां पूरी तरह हरे हो जाते हैं, तब इस विशाल किले के ऊपर से दिखने वाला नजारा बेहद शानदार होता है। यहां बहती ठंडी हवाएं और शानदार लगते हैं। पास में स्थित कुंभलगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में भी मानसून के दौरान घूमने लायक रहता है।
झालावाड़ में स्थित गागरोन का किला राजस्थान के सबसे अनोखे किलों में से एक है। यह बिना किसी नींव के सीधे चट्टान पर बना हुआ है और तीन तरफ से आहू और काली सिंध नदियों के पानी से घिरा है।
मानसून के दौरान जब नदियां पूरे उफान पर होती हैं और चौथी तरफ की पहाड़ियां हरी-भरी हो जाती हैं, तो यह किला पानी के बीच तैरता हुआ सा प्रतीत होता है। यह नजारा बेहद खूबसूरत लगता है।
अरावली की गोद में बसा बूंदी शहर मानसून में अपने एक अलग ही रंग में नजर आता है। इतिहास और वास्तुकला के शौकीनों के लिए यह बेहतरीन जगह है।
बारिश शुरू होते ही यहां के पहाड़ी रास्तों में छोटे-छोटे प्राकृतिक झरने बहने लगते हैं। शहर का ऐतिहासिक तारागढ़ किला जब बादलों की ओट में छिपता है, तो उसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। इसके अलावा, नवल सागर झील का शांत पानी और शहर की प्राचीन बावड़ियां पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं।
राजधानी जयपुर भी मानसून में खूबसूरत हो जाता है। यहां के ऐतिहासिक किले बारिश के पानी से धुलकर चमक उठते हैं। आमेर किला, नाहरगढ़ और जयगढ़ किला जब बादलों से घिर जाते हैं, तो यहां से पूरे जयपुर शहर का नजारा अद्भुत दिखता है। नाहरगढ़ की पहाड़ियों पर ठंडी हवाओं के बीच खड़े होना पर्यटकों को खूब पसंद आता है। इसके अलावा, आमेर की तलहटी में स्थित कनक वृंदावन गार्डन भी इस मौसम में पूरी तरह खिल उठता है।
दिल्ली और एनसीआर के करीब रहने वाले लोगों के लिए मानसून में अलवर और सरिस्का सबसे बेस्ट वीकेंड डेस्टिनेशन हैं। अलवर की प्रसिद्ध सिलीसेढ़ झील मानसून में पानी से लबालब भर जाती है, जहां बोटिंग का आनंद लिया जा सकता है। वहीं, सरिस्का टाइगर रिजर्व के घने जंगल बारिश के बाद एकदम नए और तरोताजा नजर आते हैं। इस मौसम में यहां वन्यजीवों और रंग-बिरंगे पक्षियों को देखने का मजा दोगुना हो जाता है।
राजस्थान में स्थित बांसवाड़ा को यहां बहने वाली माही नदी के कारण 'सौ टापुओं का शहर' कहा जाता है। बारिश के दिनों में यहां का प्रसिद्ध माही बांध जब पानी से भर जाता है, तो इसके गेट खोले जाते हैं, जिसे देखना अपने आप में अद्भुत लगता है। चारों तरफ बहते झरने, नदियां और शांत प्राकृतिक वातावरण फोटोग्राफी के शौकीनों और प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी खजाने से कम नहीं है।
Published on:
23 Jun 2026 02:16 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
